Edited By Parveen Kumar,Updated: 12 Mar, 2026 05:41 PM

कहा जाता है कि मौत कब और किसे अपने आगोश में ले ले, इसका कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से सामने आया है, जहां एक युवक की ई-रिक्शा चलाते-चलाते ही अचानक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी...
नेशनल डेस्क : कहा जाता है कि मौत कब और किसे अपने आगोश में ले ले, इसका कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से सामने आया है, जहां एक युवक की ई-रिक्शा चलाते-चलाते ही अचानक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बाजार जाते वक्त बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार यह घटना उमरिया जिले के पाली कस्बे के बाजार इलाके की है। पाली निवासी 35 वर्षीय रवि विश्वकर्मा रोज की तरह बुधवार को अपना ई-रिक्शा लेकर बाजार की ओर गए थे। सब कुछ सामान्य था, लेकिन जैसे ही वह पाली के प्रकाश चौराहे के पास पहुंचे, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि अचानक आए तेज सीने के दर्द के बाद वह ई-रिक्शा में ही बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें इस हालत में देखा तो तुरंत मदद के लिए आगे आए।
लोगों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए रवि विश्वकर्मा को पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उनकी मौत हार्ट अटैक की वजह से होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पाली पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा के अनुसार युवक ई-रिक्शा चलाते हुए प्रकाश चौराहे के पास पहुंचा था, तभी उसे अचानक अटैक आया और वह बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।