Edited By Parveen Kumar,Updated: 22 Oct, 2026 09:17 PM

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में ईसाई समुदाय के तीन परिवारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि इस सप्ताह की शुरुआत में लोगों के एक समूह ने उन्हें अपना धर्म छोड़ने के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से धमकाया और उन पर हमला किया। इस घटना के बाद...
नेशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में ईसाई समुदाय के तीन परिवारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि इस सप्ताह की शुरुआत में लोगों के एक समूह ने उन्हें अपना धर्म छोड़ने के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से धमकाया और उन पर हमला किया। इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि पिछले 30 वर्षों से इस इलाके में रह रहे इस परिवार ने लगभग 18 महीने पहले ही ईसाई धर्म अपनाया था।
पीड़ित परिवार ने यह भी शिकायत कि है की उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध कुछ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के लिए मजबूर किया गया था। उन्होंने बताया कि शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी के अनुसार, चंद्रकोणा में रहने वाले इन परिवारों के नौ सदस्यों ने अपनी पुलिस शिकायत में दावा किया है कि लोगों के एक समूह ने 18 और 19 अक्टूबर को उनके साथ मारपीट की। इसके साथ ही आरोपियों ने ईसाई धर्म न छोड़ने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
पुलिस शिकायतों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि एक परिवार की महिला के साथ मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गई। वहीं, एक अन्य परिवार की एक लड़की के साथ भी मारपीट हुई और उसे धमकी दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें उनकी मर्जी के खिलाफ धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लेने के लिए मजबूर किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी समूह ने परिवारों को चेतावनी दी थी कि वे इस मामले को लेकर पुलिस के पास न जाएं। उन्होंने कहा, "परिवारों ने अपनी शिकायत में जिन लोगों के नाम बताए हैं, उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के मद्देनजर हम अभी नाम उजागर नहीं कर सकते।" अधिकारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उनके इलाके में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है तथा स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।