Edited By Anu Malhotra,Updated: 05 Sep, 2026 12:07 PM

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से सटे धाराशिव ज़िले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। राष्ट्रीय स्तर की पूर्व पहलवान अश्विनी पोल (30) ने घरेलू प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न से तंग आकर अपने तीन मासूम बच्चों के साथ नलदुर्ग किले से छलांग लगा...
छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से सटे धाराशिव ज़िले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। राष्ट्रीय स्तर की पूर्व पहलवान अश्विनी पोल (30) ने घरेलू प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न से तंग आकर अपने तीन मासूम बच्चों के साथ नलदुर्ग किले से छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में अश्विनी और उनके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची अस्पताल में ज़िंदगी और मौत से जूझ रही है।
पुलिस के अनुसार, अश्विनी के पिता तानाजी शिवाजी मोहिते ने उनके पति, सास-ससुर और बुआ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले अश्विनी को ताने मारते थे कि उसके मायके वालों ने दहेज में कुछ नहीं दिया।
मामले की जांच कर रहे अधिकारी रवींद्र गायकवाड़ ने कहा, "अश्विनी के पति, सास-ससुर और बुआ - जो सभी लातूर ज़िले के निलंगा तालुका के अंबुलगा के रहने वाले हैं - कथित तौर पर उन्हें यह कहकर परेशान करते थे कि उनके माता-पिता ने दहेज में कुछ नहीं दिया है। जुड़वां बच्चों को जन्म देने के बाद अश्विनी को मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया गया था।" इस घटना में जुड़वां बच्चों में से एक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उनके पति और ससुराल वाले उन पर दबाव डालते थे कि वे अपने माता-पिता से सोने की चूड़ियां और ऑटो खरीदने के लिए पैसे मंगवाएं। इसी परेशानी से तंग आकर, वह अपने तीन बच्चों के साथ नलदुर्ग किले से कूद गईं।
पुलिस ने बताया कि अश्विनी मराठवाड़ा की पहलवान थीं और उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 5 गोल्ड और 6 सिल्वर मेडल जीते थे। पूर्व पहलवान, कोच और अंतरराष्ट्रीय रेफरी दिनेश गुंड ने कहा, "वह एक होनहार पहलवान थीं और उन्होंने मेडल जीते थे।"