Edited By Radhika,Updated: 02 Jun, 2026 01:00 PM

CBSE का Re-evaluation Portal तकनीकी दिक्कतों से उबर नहीं पा रहा है। सोमवार को आई खराबी के बाद, बोर्ड ने मंगलवार सुबह दावा किया कि पोर्टल को ठीक कर दिया गया है, लेकिन कुछ ही समय बाद यह फिर से ठप हो गया। अब छात्र जब लॉगिन करने की कोशिश कर रहे हैं, तो...
CBSE Re-evaluation Portal: CBSE का Re-evaluation Portal तकनीकी दिक्कतों से उबर नहीं पा रहा है। सोमवार को आई खराबी के बाद, बोर्ड ने मंगलवार सुबह दावा किया कि पोर्टल को ठीक कर दिया गया है, लेकिन कुछ ही समय बाद यह फिर से ठप हो गया। अब छात्र जब लॉगिन करने की कोशिश कर रहे हैं, तो स्क्रीन पर Failed का मैसेज दिखाई दे रहा है। CBSE ने मंगलवार सुबह करीब 4:42 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (ट्विटर) पर पोस्ट कर जानकारी दी थी कि पोर्टल को दोबारा लाइव कर दिया गया है। इस घोषणा के तुरंत बाद जैसे ही छात्रों ने आवेदन करना शुरू किया, वेबसाइट ने काम करना बंद कर दिया।
छात्रों को आ रही हैं ये मुख्य परेशानियां
सही रोल नंबर, क्रेडेंशियल्स और कैप्चा कोड डालने के बाद भी सिस्टम बार-बार "Verification Failed" दिखा रहा है। भारी ट्रैफिक या तकनीकी गड़बड़ी के कारण पोर्टल खुलने में काफी समय ले रहा है या पूरी तरह से रिस्पॉन्स देना बंद कर दे रहा है। कुछ छात्रों का आरोप है कि पूरी आवेदन प्रक्रिया और फॉर्म भरने के बाद, सिस्टम उन्हें सबमिट करने के बजाय वापस होम पेज या लॉगिन स्क्रीन पर भेज रहा है।
मूल्यांकन में गड़बड़ी का भी आरोप
कई विद्यार्थियों ने शिकायत की है कि उनकी उत्तर पुस्तिकाओं (Answer Sheets) में कुछ सही जवाबों को भी नहीं जांचा गया है और नंबर काट लिए गए हैं। पोर्टल पर इस तरह की गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराने का कोई स्पष्ट विकल्प न होने से छात्र असमंजस में हैं।
सीबीएसई का पक्ष और छात्रों की मांग
सोशल मीडिया पर बढ़ते आक्रोश को देखते हुए सीबीएसई ने छात्रों को जवाब देना शुरू किया है। बोर्ड ने कहा है कि जिन उम्मीदवारों को लॉगिन करने या आवेदन सबमिट करने में तकनीकी दिक्कत आ रही है, वे बोर्ड के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जाकर सीधे DM के जरिए अपनी समस्या बता सकते हैं। हालांकि, छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि व्यक्तिगत रूप से मैसेज करने के बजाय बोर्ड को इस तकनीकी खराबी को स्थायी रूप से ठीक करना चाहिए, ताकि समय रहते सभी छात्र बिना किसी मानसिक तनाव के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकें।