Edited By Pardeep,Updated: 02 Jun, 2026 11:00 PM

देश के सबसे बड़े शिक्षा बोर्ड, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को बोर्ड का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब...
नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े शिक्षा बोर्ड, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को बोर्ड का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब बोर्ड मूल्यांकन प्रणाली और ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) को लेकर विवादों में घिरा हुआ है।
तकनीकी और प्रशासनिक अनुभव का संगम
लोखंडे प्रशांत सीताराम 2001 बैच के AGMUT कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले वे एक तकनीकी विशेषज्ञ रहे हैं। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री ली और मुंबई के NITIE से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। उनके पास तकनीकी और प्रबंधन दोनों क्षेत्रों की गहरी समझ है।
25 साल का लंबा अनुभव और गृह मंत्रालय में अहम भूमिका
प्रशांत सीताराम को प्रशासनिक सेवा में करीब ढाई दशक (25 साल) का अनुभव है। उन्होंने कानून-व्यवस्था, नीति निर्माण और सरकारी योजनाओं के संचालन जैसे क्षेत्रों में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। सीबीएसई की कमान संभालने से पहले वे गृह मंत्रालय (MHA) में अतिरिक्त सचिव के महत्वपूर्ण पद पर तैनात थे। जटिल मामलों को सुलझाने की उनकी क्षमता को देखते हुए ही सरकार ने उन्हें शिक्षा क्षेत्र की यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
मिलेगी शानदार सैलरी और सुविधाएं
CBSE चेयरमैन के तौर पर लोखंडे प्रशांत सीताराम को हर महीने करीब 3 से 3.5 लाख रुपये तक वेतन मिलेगा। इसमें 2 से 2.25 लाख रुपये बेसिक पे के साथ DA, HRA और ट्रांसपोर्ट अलाउंस जैसे भत्ते शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें सरकारी आवास और अन्य वीआईपी सुविधाएं भी मिलेंगी।
वरुण भारद्वाज बने सचिव
बोर्ड में एक और अहम नियुक्ति हुई है, जिसके तहत उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक वरुण भारद्वाज को सीबीएसई का नया सचिव (निदेशक स्तर) नियुक्त किया गया है।