Edited By Tanuja,Updated: 04 Jul, 2026 04:58 PM

अमेरिका के न्यू जर्सी में खुले एक नए भारतीय ग्रोसरी स्टोर के उद्घाटन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भारतीय सब्जियों, खासकर परवल पर आकर्षक छूट मिलने से सैकड़ों लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं, हालांकि वायरल दावों की...
International Desk: अमेरिका के न्यू जर्सी में खुले एक नए भारतीय ग्रोसरी स्टोर के उद्घाटन के पहले ही दिन भारी भीड़ देखने को मिली। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग स्टोर के बाहर लाइन में खड़े और अंदर खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, स्टोर में भारतीय समुदाय की पसंदीदा सब्जियों और किराना सामान पर विशेष छूट दी गई थी। सबसे ज्यादा चर्चा परवल की रही, जिसे 1.99 अमेरिकी डॉलर प्रति किलोग्राम (लगभग 189 रुपये) की रियायती कीमत पर बेचा जा रहा था। इस ऑफर की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच गए।
वायरल वीडियो में चेकआउट काउंटरों पर लंबी कतारें, भरी हुई ट्रॉलियां और भीड़भाड़ का माहौल दिखाई देता है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस नजारे की तुलना 'ब्लैक फ्राइडे सेल' से की, जबकि कुछ ने मजाक में इसे 'अमेरिकन सब्जी मंडी' का नाम दे दिया। बताया जा रहा है कि स्टोर में ताजी भारतीय सब्जियां, दालें, मसाले, आटा, चावल, रेडी-टू-ईट खाद्य पदार्थ, मिठाइयां, स्नैक्स और अन्य भारतीय घरेलू उत्पाद उपलब्ध हैं, जिन पर उद्घाटन के अवसर पर विशेष छूट दी गई थी।हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उससे जुड़े कुछ दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन वीडियो ने भारतीय प्रवासी समुदाय के बीच भारतीय खाद्य उत्पादों की लोकप्रियता और आकर्षण को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।