Edited By Parveen Kumar,Updated: 02 May, 2026 09:21 PM

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि देखी गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। दिल्ली में दो दिन पहले हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई थी। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के लिए 'येलो...
नेशनल डेस्क : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि देखी गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। दिल्ली में दो दिन पहले हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई थी। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया, जिसमें संभावित बारिश और गरज के साथ तूफान की चेतावनी दी गई।
शनिवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार से 3.1 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह शुक्रवार के मुकाबले 2.2 डिग्री अधिक रहा। अन्य मौसम स्टेशन ने भी न्यूनतम तापमान में इसी तरह की वृद्धि दर्ज की। पालम में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 2.3 डिग्री अधिक है; लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में तीन डिग्री अधिक है; रिज में 3.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और आयानगर में 4.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
रिज और आयानगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 23.7 डिग्री सेल्सियस और 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "रविवार को गरज, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।"
'स्काईमेट' के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया, "आने वाले दिनों में नए पश्चिमी विक्षोभ के क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है, जिससे आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण बनेगा। अगले कुछ दिनों तक शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है और कम से कम अगले सप्ताह तक लू चलने की कोई संभावना नहीं है।"
इस बीच, शहर की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 144 (मध्यम) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इस समय एक्यूआई 120 था। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।