Edited By Rohini Oberoi,Updated: 27 Jun, 2026 08:46 AM
भीषण गर्मी और उमस से बेहाल उत्तर भारत के लिए राहत की बड़ी खबर है। देश में मानसून अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। IMD के अनुसार एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने से अगले 3-4 दिनों में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार...
IMD Rain Alert : भीषण गर्मी और उमस से बेहाल उत्तर भारत के लिए राहत की बड़ी खबर है। देश में मानसून अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। IMD के अनुसार एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने से अगले 3-4 दिनों में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत देश के 16 राज्यों में भारी बारिश और 60 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।
1. दिल्ली-NCR: में मौसम का हाल
दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून थोड़ा देरी से पहुंच रहा है। पहले इसके 27 जून तक आने की उम्मीद थी लेकिन अब यह जुलाई के पहले हफ्ते में दस्तक देगा। भले ही मानसून में थोड़ी देरी हो लेकिन 27 जून से 1 जुलाई के बीच प्री-मानसून बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलेंगी। 28 जून से पारे में गिरावट आएगी। 30 जून और 1 जुलाई को अच्छी बारिश की संभावना है जिससे उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

2. UP में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट
यूपी में अगले दो दिन मौसम सामान्य रहेगा लेकिन 29 जून से 1 जुलाई के बीच मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। लखनऊ, मेरठ, नोएडा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी और बरेली समेत कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली गिरने की आशंका है। खुले में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: कौन है दुनिया की सबसे ऊंची इमारत 'Burj Khalifa' का असली मालिक? जानिए हर साल कितनी होती है कमाई?
3. बिहार में होगी झमाझम बारिश
बिहार में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो चुका है। पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया समेत लगभग सभी जिलों में 28 जून तक हल्की बारिश होगी। 29 जून से 2 जुलाई के बीच राज्य में भारी बारिश का लंबा दौर चलेगा। अगले 5 दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा। यह बारिश धान की खेती के लिए वरदान साबित होगी।

4. मध्य प्रदेश में कब आएगा मानसून
इस बार मानसून मध्य प्रदेश पर सबसे ज्यादा मेहरबान है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और सागर समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी और किसानों को खरीफ फसलों की बुआई में मदद मिलेगी।
5. राजस्थान में भी बरसेंगे बादल
राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर और उदयपुर जैसे जिलों में 27 से 29 जून के बीच अच्छी बारिश की संभावना है। 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी जिससे जलस्रोतों का जलस्तर सुधरेगा।
6. पंजाब और हरियाणा का हाल
पंजाब और हरियाणा में लंबे समय से चल रही लू अब विदा हो रही है। प्री-मानसून एक्टिविटी शुरू होने से दोनों राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। विशेषज्ञों के मुताबिक जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून पूरे पंजाब-हरियाणा को कवर कर लेगा।

7. उत्तराखंड और हिमाचल में ट्रिपल अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में मौसम खतरनाक रुख अपना सकता है। वहीं अगर उत्तराखंड की बात करें तो यहां के पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा और देहरादून में 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश का अलर्ट है। चारधाम यात्रियों को मौसम देखकर यात्रा करने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू और कांगड़ा में मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। प्रशासन ने भूस्खलन (Landslide) के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।

वहीं असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा जिससे निचले इलाकों में जलभराव का खतरा है। तमिलनाडु (कन्याकुमारी, नीलगिरी), कर्नाटक और केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी रफ्तार में है। यहां 27-28 जून को भारी बारिश का अलर्ट है।