Edited By Ramanjot,Updated: 25 Oct, 2026 12:37 PM

इस बीच, मौसम विभाग ने बताया कि इस अवदाब के रविवार को लगभग दक्षिण दिशा में बढ़ने और उसी दिन गहरे अवदाब में तब्दील होने की आशंका है। इसके बाद इसके धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ने के आसार हैं।
अमरावती: आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) ने रविवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन 27 अक्टूबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और इसे देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने बंगाल की खाड़ी में बदलते मौसम के मद्देनजर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
जैन ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, ''पूर्व-मध्य और उससे सटी दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब आने वाले दिनों में और तीव्र हो सकता है। लोगों को बेहद सतर्क रहना चाहिए।'' प्रबंध निदेशक के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े पांच बजे यह अवदाब (डिप्रेशन) पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दक्षिण-पूर्व दिशा में बढ़ रहा था और पूर्व-मध्य तथा उससे सटी दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था।
27 अक्टूबर तक विकराल रूप ले सकता है चक्रवात
इस बीच, मौसम विभाग ने बताया कि इस अवदाब के रविवार को लगभग दक्षिण दिशा में बढ़ने और उसी दिन गहरे अवदाब में तब्दील होने की आशंका है। इसके बाद इसके धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। इसके बाद 27 अक्टूबर की सुबह के आसपास इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने के आसार हैं।