Delhi Husband Kills Wife: पत्नी की बेरहमी से हत्या के बाद 15 मिनट तक नहाया फिर वेब सीरीज देख मिटाए सारे सबूत

Edited By Updated: 07 Aug, 2026 02:15 PM

east delhi crime jagatpuri murder husband kills wife

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। यहां 62 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या के बाद सबूत मिटाने और...

 

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। यहां 62 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या के बाद सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए एक मशहूर क्राइम वेब सीरीज से देखकर पूरा प्लान बनाया था।

घर में अकेले होने पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, यह वारदात 30 जुलाई की दोपहर हुई। उस समय घर में केवल पति कमल सिंह और उनकी पत्नी कोमल सिंह मौजूद थे। उनका बेटा लाइब्रेरी गया हुआ था, बेटी ऑफिस में थी और घर में काम करने वाली मेड भी अपना काम खत्म कर घर से जा चुकी थी। दोपहर करीब 12:45 बजे कोमल सिंह बालकनी में कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान कमल सिंह ने पीछे से उन पर तलवार से हमला कर दिया।

पहला वार नाकाम, फिर कैंची से किया हमला
बताया जा रहा है कि तलवार का पहला वार इतना गहरा नहीं था कि कोमल वहीं गिर जाएं। घायल होने के बाद उन्होंने शोर मचाया और खुद को बचाने के लिए रसोई की तरफ भागीं। आरोप है कि कमल ने उनका पीछा किया, बाल पकड़कर उन्हें वापस लिविंग रूम में घसीटा और फिर कैंची से कई बार हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

चीखें सुनाई दीं, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि महिला की चीखें आसपास के लोगों तक पहुंची थीं। आरोपी के पिता ने भी अपनी पत्नी से जाकर देखने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर दखल देने से मना कर दिया। इस दौरान किसी पड़ोसी ने भी घर के अंदर जाकर स्थिति जानने की कोशिश नहीं की।

हत्या के बाद नहाया, सबूत लेकर हुआ फरार
हत्या करने के बाद कमल सिंह ने खून से सने कपड़े और तलवार को एक बैग में रखा। इसके बाद वह करीब 15 मिनट तक नहाया और फिर स्कूटर से घर से निकल गया। रास्ते में उसने हत्या में इस्तेमाल की गई तलवार और अन्य सामान वाला बैग फेंक दिया, ताकि पुलिस को हथियार न मिल सके।

बैंक से निकाले लाखों रुपये
घर से निकलने के बाद आरोपी ने दो अलग-अलग बैंक खातों से करीब 7 लाख रुपये निकाले। इसके अलावा उसने पहले ही पत्नी के कमरे से लगभग 5 लाख रुपये नकद भी अपने पास रख लिए थे। इस तरह उसके पास करीब 12.75 लाख रुपये मौजूद थे।

बेटे ने घर पहुंचकर देखा मां का शव
शाम के समय बेटा गौरव सिंह ने अपनी मां को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रात करीब 9:15 बजे जब वह घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में मृत पाया। घटनास्थल से पुलिस को हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची तो मिल गई, लेकिन तलवार गायब थी।

CCTV और तकनीकी जांच से पकड़ा गया आरोपी
पत्नी की हत्या के बाद कमल सिंह फरार हो गया। पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। शुरुआत में आरोपी अपना मोबाइल चालू रखकर गोरखपुर की ओर गया, जिससे पुलिस को लगा कि वह नेपाल भाग सकता है। बाद में उसने मोबाइल बंद कर दिया और जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए मथुरा की ओर निकल गया। लगातार तीन दिन तक तलाश करने के बाद दिल्ली पुलिस ने उसे मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

स्कूटर और नकदी बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी का स्कूटर और उसके पास मौजूद पूरी नकदी बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी ने हत्या और फरार होने की पूरी योजना के बारे में जानकारी दी।

वेब सीरीज से सीखा सबूत मिटाने का तरीका
पूछताछ के दौरान कमल सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को हमेशा के लिए गायब करने की योजना बनाई थी। उसका दावा था कि उसने यह तरीका एक चर्चित क्राइम वेब सीरीज देखकर सीखा था, जिसमें हत्या के हथियार के गायब होने से जांच प्रभावित होती है।

प्रॉपर्टी विवाद और दूसरी महिला बनी वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि पिछले करीब एक साल से पति-पत्नी के रिश्ते में लगातार तनाव चल रहा था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि मुंबई यात्रा के दौरान आरोपी एक दूसरी महिला के करीब आ गया था, जिससे दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। इसके अलावा परिवार में प्रॉपर्टी को लेकर भी लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। कमल सिंह जगतपुरी में एक मकान खरीदकर उसे अपने पिता के नाम करना चाहता था, जबकि उसकी पत्नी उस संपत्ति में अपना अधिकार मांग रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।  
 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!