Edited By Parveen Kumar,Updated: 14 Mar, 2026 09:45 PM

हैदराबाद के पोछाराम इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 24 वर्षीय युवक पर आरोप है कि उसने 22 साल की युवती को जबरन एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगा दिया। पुलिस के अनुसार यह घटना 11 मार्च को हुई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी...
नेशनल डेस्क : हैदराबाद के पोछाराम इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 24 वर्षीय युवक पर आरोप है कि उसने 22 साल की युवती को जबरन एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगा दिया। पुलिस के अनुसार यह घटना 11 मार्च को हुई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पहले तय हुई थी दोनों की शादी
पुलिस के मुताबिक आरोपी और पीड़िता आपस में रिश्तेदार हैं। कुछ समय पहले युवती के माता-पिता ने अपनी बेटी की शादी इसी युवक से तय की थी। दोनों परिवारों के बीच रिश्ता भी पक्का हो गया था।
जांच में युवक निकला एचआईवी पॉजिटिव
बताया जा रहा है कि युवक के माता-पिता पहले से ही एचआईवी से संक्रमित थे। इसी वजह से युवती के परिवार ने सितंबर में युवक की मेडिकल जांच करवाई। जांच रिपोर्ट में युवक एचआईवी पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद युवती के पिता ने तुरंत यह रिश्ता तोड़ दिया और शादी रद्द कर दी।
शादी टूटने से नाराज था आरोपी
पुलिस के अनुसार शादी रद्द होने के बाद आरोपी काफी नाराज था। उसे लगा कि अगर युवती भी एचआईवी से संक्रमित हो जाएगी तो वह मजबूरी में उससे शादी करने के लिए तैयार हो जाएगी और हमेशा उसके साथ रहेगी।
घर पहुंचकर जबरन लगाया इंजेक्शन
पुलिस का कहना है कि 11 मार्च को आरोपी युवती के घर पहुंचा और जबरन उसे एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगा दिया। घटना के बाद युवती के पिता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
हत्या के प्रयास का केस दर्ज
इस मामले में पोछाराम आईटी कॉरिडोर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।