Edited By Pardeep,Updated: 11 Mar, 2026 01:26 AM

टी20 वर्ल्डकप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बीच एक ऐसी कहानी भी सामने आई जिसने करोड़ों फैंस को भावुक कर दिया। यह कहानी भारतीय क्रिकेटर रिकूं सिंह की है, जिन्होंने अपनी निजी जिंदगी के बेहद कठिन समय में भी देश के लिए खेलने का फैसला किया।
नेशनल डेस्कः टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बीच एक ऐसी कहानी भी सामने आई जिसने करोड़ों फैंस को भावुक कर दिया। यह कहानी भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की है, जिन्होंने अपनी निजी जिंदगी के बेहद कठिन समय में भी देश के लिए खेलने का फैसला किया।
पूरे देश में टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया जा रहा है, लेकिन इस जीत के पीछे रिंकू सिंह के साहस और समर्पण की भी खूब चर्चा हो रही है। टूर्नामेंट के दौरान उनके पिता का निधन हो गया था, फिर भी उन्होंने टीम के साथ बने रहने का निर्णय लिया।
पिता के निधन के बाद भी टीम से जुड़े रहे
रिंकू सिंह के लिए यह वर्ल्ड कप भावनात्मक रूप से बहुत मुश्किल रहा। पिता के निधन के बावजूद उन्होंने देश के लिए खेलने की जिम्मेदारी को सबसे ऊपर रखा। बताया जाता है कि पिता के निधन के सिर्फ एक दिन बाद ही रिंकू सिंह फिर से भारतीय टीम के साथ जुड़ गए और टूर्नामेंट में हिस्सा लेते रहे। हालांकि इस विश्व कप में उनका प्रदर्शन आंकड़ों के हिसाब से ज्यादा बड़ा नहीं रहा। उन्होंने 5 मैचों में कुल 24 रन बनाए। लेकिन इसके बावजूद उनकी मानसिक मजबूती और टीम के प्रति समर्पण ने सभी का दिल जीत लिया। टीम के साथ बने रहकर उन्होंने यह दिखाया कि कठिन परिस्थितियों में भी खिलाड़ी अपने देश के लिए कैसे मजबूती से खड़े रहते हैं।
मंगेतर प्रिया सरोज का भावुक संदेश
रिंकू सिंह की मंगेतर और सांसद प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है. उन्होंने रिंकू की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "कुछ दिन सिर्फ कैलेंडर में लिखे जाते हैं, लेकिन 8 मार्च 2026 जैसे दिन इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाते हैं। यह वही दिन है जब भारत ने टी20 वर्ल्डकप 2026 की ट्रॉफी उठाई और हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया। यह गौरव का ऐसा पल है, जिसे देश आने वाली कई पीढ़ियों तक याद रखेगा और जश्न मनाएगा." उनके इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने शेयर किया और रिंकू के जज्बे की सराहना की।
जल्द शादी के बंधन में बंध सकते हैं रिंकू और प्रिया
पिछले साल रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने एक निजी समारोह में सगाई कर अपने रिश्ते की आधिकारिक शुरुआत की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। माना जा रहा है कि आईपीएल 2026 के बाद यह जोड़ा शादी कर सकता है।
रिंकू सिंह की कहानी ने जीता फैंस का दिल
भले ही इस विश्व कप में रिंकू सिंह का प्रदर्शन आंकड़ों में बहुत बड़ा नहीं दिखता, लेकिन टीम की ऐतिहासिक जीत के बीच उनकी यह कहानी फैंस के दिलों को छू गई। उनके जज्बे ने यह साबित कर दिया कि असली ताकत मुश्किल हालात में भी अपने कर्तव्य को निभाने में होती है। यही कारण है कि इस जीत के साथ-साथ रिंकू सिंह की हिम्मत और समर्पण की भी हर जगह चर्चा हो रही है।