Edited By Tanuja,Updated: 13 Jul, 2026 02:46 PM

बेंगलुरु में एक डिलीवरी एजेंट पर महिला के फ्लैट में जबरन घुसने और अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। महिला द्वारा वीडियो साझा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फ्लिपकार्ट ने उसकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं और मामले में जांच जारी है।
International Desk: बेंगलुरु में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक ई-कॉमर्स कंपनी के डिलीवरी एजेंट पर महिला के फ्लैट में जबरन घुसने और उसके साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद बेंगलुरु पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी डिलीवरी एजेंट विजय मल्लिकार्जुन कामथ पार्सल देने महिला के घर पहुंचा। उसने वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी, लेकिन महिला ने कई बार साफ मना कर दिया। महिला ने उसे पड़ोस के पुरुषों से मदद लेने की सलाह भी दी, लेकिन उसने इनकार को नजरअंदाज कर जबरन फ्लैट में प्रवेश कर लिया।
महिला ने सुरक्षा के लिए बनाया वीडियो
महिला ने बताया कि वह खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी। उसने तुरंत अपने मोबाइल से पूरी घटना की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और मुख्य दरवाजा खुला रखा ताकि जरूरत पड़ने पर बाहर भागकर मदद ले सके। पीड़िता का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर आने के बाद आरोपी ने उसके सामने अपने निजी अंग उजागर किए और अश्लील हरकत की। महिला ने कहा कि अपने ही घर में वह खुद को बेहद डरी और असुरक्षित महसूस कर रही थी।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई
महिला ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए न्याय की मांग की। मामला सामने आते ही बेंगलुरु पुलिस ने उससे संपर्क किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने यौन उत्पीड़न, महिला की गरिमा भंग करने और जबरन घर में घुसने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
फ्लिपकार्ट ने आरोपी को हटाया
घटना के बाद फ्लिपकार्ट ने बयान जारी कर कहा कि ग्राहक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी ने आरोपी डिलीवरी पार्टनर की सेवाएं तत्काल समाप्त कर दी हैं और जांच में पुलिस को पूरा सहयोग देने की बात कही है। कंपनी ने बताया कि सभी डिलीवरी पार्टनर्स का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और अनिवार्य प्रशिक्षण कराया जाता है, लेकिन इस तरह की एक भी घटना स्वीकार्य नहीं है।