Edited By Mansa Devi,Updated: 29 Mar, 2026 05:13 PM

प्री-मानसून के आने से देशभर में मौसम बदल गया है और कई राज्यों में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के लिए राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
नेशनल डेस्क: देशभर में प्री-मानसून की एंट्री के साथ ही मौसम का रुख तेजी से बदलने लगा है। कई राज्यों में एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। पिछले साल 2025 का मानसून काफी अच्छा रहा था, जिसमें देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई थी। मानसून खत्म होने के बाद भी कुछ राज्यों में बारिश जारी रही। अब 2026 में प्री-मानसून सक्रिय होते ही कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिल रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 4 दिनों के लिए देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तेज हवा, आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में बारिश और आंधी का असर
राजस्थान में प्री-मानसून का असर साफ दिखाई देगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में तेज बारिश का अनुमान
उत्तर प्रदेश में भी मौसम तेजी से बदलने वाला है। अगले चार दिनों तक राज्य में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश हो सकती है।
हल्की से मध्यम बारिश भी होगी जारी
देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर भी जारी रहेगा। इसके साथ ही कई जगहों पर तेज हवाएं, धूल भरी आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है।