Edited By Mansa Devi,Updated: 30 Mar, 2026 04:08 PM

देश के मौसम में इन दिनों तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी है। ऐसे में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए 17 राज्यों में येलो अलर्ट...
नेशनल डेस्क: देश के मौसम में इन दिनों तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी है। ऐसे में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए 17 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में तेज हवाएं, बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं के आसार
राजधानी दिल्ली में आज मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। धूल भरी आंधी भी चल सकती है। तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान करीब 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से ज्यादा है, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश में 30 और 31 मार्च को कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा 3 अप्रैल से एक बार फिर बारिश का नया दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।
बिहार में तेज हवाओं के साथ बदलेगा मौसम
बिहार में 29 मार्च से 1 अप्रैल के बीच मौसम सक्रिय बना रहेगा। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
पहाड़ों में बर्फबारी का दौर जारी
हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। लाहौल-स्पीति के सिस्सू समेत कई क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी से पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। 30 मार्च को भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके बाद 3 और 4 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे फिर से बर्फबारी और बारिश देखने को मिल सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 2 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जो उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को फिर से प्रभावित करेगा। इसके कारण कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 30 और 31 मार्च के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जबकि पूर्वी भारत में 2 अप्रैल तक तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।
आम लोगों के लिए सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज हवाओं और आंधी-बारिश के दौरान घर से बाहर निकलते समय सतर्क रहें और मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखें।