Edited By Rohini Oberoi,Updated: 20 Jul, 2026 01:59 PM

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से खाकी को दागदार करने और अंतरधार्मिक प्रेम प्रसंग (Inter-Religion Love Affair) के चलते एक युवक को जान गंवानी पड़ने का बेहद ही गंभीर मामला सामने आया है। राजापुर थाना क्षेत्र के भटकी पुरवा गांव में रहने वाले एक युवक ने...
Chitrakoot Youth Suicide : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से खाकी को दागदार करने और अंतरधार्मिक प्रेम प्रसंग (Inter-Religion Love Affair) के चलते एक युवक को जान गंवानी पड़ने का बेहद ही गंभीर मामला सामने आया है। राजापुर थाना क्षेत्र के भटकी पुरवा गांव में रहने वाले एक युवक ने प्रेमिका के परिजनों और एक पुलिस दरोगा की कथित तौर पर लगातार प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं परिजनों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन और आरोपी दरोगा की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के लिए बता दें कि मृतक युवक की पहचान भटकी पुरवा गांव के रहने वाले शिवशंकर शुक्ला के रूप में हुई है। शिवशंकर कल देर शाम घर से खेत की तरफ गया था लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटा। सुबह जब परेशान परिजन राजापुर थाने में उसकी लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे तो उन्हें सूचना मिली कि गांव के ही एक खेत में पेड़ से एक युवक का शव लटक रहा है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने उसकी पहचान शिवशंकर के रूप में की।
यह भी पढ़ें: Health Alert: लोगों में मचा हाहाकार, हर दूसरा मरीज हो रहा अस्पताल में भर्ती, इन बीमारियों ने बढ़ाई चिंता
परिजनों के मुताबिक यह पूरा विवाद करीब 8 महीने पुराने प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। शिवशंकर का अर्की गांव की रहने वाली एक मुस्लिम युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। कुछ समय पहले दोनों घर से चले गए थे जिसके बाद लड़की पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था और तब कथित तौर पर दोनों पक्षों के बीच लेन-देन कराकर मामला शांत करा दिया गया था।
दरोगा पर रिश्वत मांगने और धमकी देने का आरोप
समझौते के बाद भी लड़की लगातार शिवशंकर को फोन कर रही थी। जब शिवशंकर ने इसकी शिकायत लड़की के पिता से की तो लड़की के पिता ने सरधुवा थाने में तैनात अपने सजातीय दरोगा अजहर जमाल को इस मामले में घसीट लिया। आरोप है कि दरोगा अजहर जमाल ने शिवशंकर को फोन पर बेहद भद्दी गालियां दीं और केस दर्ज कर जेल भेजने की धमकी भी दी। मृतक के मोबाइल से दरोगा की यह पूरी कॉल रिकॉर्डिंग बरामद हुई है। परिजनों का दावा है कि दरोगा ने पहले भी समझौते के नाम पर उनसे 2 लाख रुपये ऐंठे थे और अब वह 3 लाख रुपये की और मांग कर रहा था। इसी मानसिक प्रताड़ना और पैसों के दबाव से टूटकर शिवशंकर ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
सुसाइड नोट में खुला मौत का राज
आत्महत्या करने से पहले शिवशंकर ने एक विस्तृत सुसाइड नोट छोड़ा है जो अब पुलिस के हाथ में है। इस नोट में उसने अपने दिल का दर्द बयां किया है। उसने लिखा- मैंने लड़की के पिता को फोन करके आगाह किया था कि तुम्हारी बेटी मुझे फोन कर परेशान करती है उसकी रिकॉर्डिंग भी सुन लो।
यह भी पढ़ें: Lakhpati Didi: 1 लाख के लोन से बदल गया इस महिला का भाग्य, अब हर साल कमा रही 8 लाख, बनीं Roll Model
तुम्हारी बेटी मुझे कसम देकर गांव बुला रही है। अगर मैं वहां आता हूं और मेरे साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार तुम और तुम्हारी बेटी होगे। नोट में उन सभी मोबाइल नंबरों का भी स्पष्ट रूप से जिक्र है, जिनसे शिवशंकर को लगातार धमकियां मिल रही थीं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि यह शत-प्रतिशत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और साजिश थी।
वहीं एएसपी ने स्पष्ट किया कि आरोपी दरोगा अजहर जमाल पर लगे आरोपों और बरामद ऑडियो रिकॉर्डिंग की गंभीरता से विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच में दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पीड़ित परिवार की तरफ से औपचारिक शिकायत मिलने का इंतजार कर रही है।