Edited By Ramkesh,Updated: 15 Oct, 2026 08:57 PM

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सारनाथ क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक मकान तेज धमाके के बाद ढह गया। स्थानीय लोगों ने मलबे में एक महिला के दबे होने की आशंका जताई है। पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार...
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सारनाथ क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक मकान तेज धमाके के बाद ढह गया। स्थानीय लोगों ने मलबे में एक महिला के दबे होने की आशंका जताई है। पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार सारनाथ क्षेत्र के पैगंबरपुर इलाके में तेज धमाके के बाद यह मकान धराशायी हो गया। उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि किसी कारणवश मकान में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद इमारत ढह गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार, एक महिला के मलबे में दबे होने की आशंका है लेकिन इस बारे में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया । उन्होंने बताया कि बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और अग्निशमन सेवा के दल जुटे हुए हैं। डीसीपी ने बताया कि बचावकर्मी मलबे को सावधानीपूर्वक हटाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि कहीं कोई व्यक्ति उसके नीचे फंसा तो नहीं है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मकान में पटाखे बनाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, धमाके के वास्तविक कारण और मकान में पटाखे बनाने से जुड़ी परिस्थितियों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। डीसीपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है जो पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।