Edited By Radhika,Updated: 08 Jun, 2026 11:50 AM

देश में इस समय मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर भारत के कई इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। बीते दिन राजधानी दिल्ली में भी लोग भारी गर्मी से...
नेशनल डेस्क: देश में इस समय मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर भारत के कई इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। बीते दिन राजधानी दिल्ली में भी लोग भारी गर्मी से परेशान हैं। यहां पर अधिकतर तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम के समय चली तेज हवाओं और हल्की बारिश से मौसम काफी अच्छा हो गया। IMD ने ऐसी संभावना जताई है कि सोमवार को मौसम साफ रहेगा।
IMD ने यहां पर जारी किया अलर्ट
IMD ने केरल, कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम,असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में लू का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा और गोवा के कुछ हिस्सों में दिन में भारी उमस रहेगी और ओडिशा में रातें भी काफी गर्म रहने वाली हैं।

आंधी-तूफान की चेतावनी
बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत कई राज्यों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं ओडिशा और अंडमान-निकोबार में 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है।
8 से 11 जून तक जारी रहेगा लू का अलर्ट
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में 8 से लेकर 11 जून तक लू का अलर्ट जारी रहेगा। इसके अलावा 9 से 10 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में और 10 और 11 जून को पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू अलर्ट जारी किया गया है।
राहत की बारिश कब?
छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश में 13 जून तक छिटपुट वर्षा और आंधी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 जून तक हल्की बारिश हो सकती है। हिमाचल में 11-12 जून को आंधी का अलर्ट है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश (पूर्वी व पश्चिमी) में 11 से 13 जून के बीच तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे तपती गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।