Edited By Tanuja,Updated: 15 Jun, 2026 07:23 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक स्लोवाकिया यात्रा के दौरान भारत और स्लोवाकिया ने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Partnership) का दर्जा दिया। दोनों देशों ने डिजिटल तकनीक, रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और विज्ञान के...
International Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान भारत और स्लोवाकिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई देते हुए उन्हें ‘व्यापक साझेदारी’ (Comprehensive Partnership) का दर्जा देने का फैसला किया। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा है। दोनों देशों के बीच हुई उच्चस्तरीय वार्ता के बाद डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तकनीक भविष्य की साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ होगी और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सहयोग के नए रास्ते खोलेगी।
स्लोवाकिया में स्थापित होगा भारत का पहला AI चेयर
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि स्लोवाकिया के Technical University of Kosice में आईसीसीआर (ICCR) चेयर ऑन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्थापित किया जाएगा। यह दुनिया में अपनी तरह का पहला ICCR AI चेयर होगा। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग मानवता की सेवा और प्रगति के लिए होना चाहिए तथा इसके विकास में नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। मोदी ने भारत और स्लोवाकिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय उपनिषदों का स्लोवाक भाषा में अनुवाद दोनों देशों की सांस्कृतिक निकटता का उत्कृष्ट उदाहरण है। पिछले वर्ष राष्ट्रपति Droupadi Murmu की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान स्लोवाक राष्ट्रपति Peter Pellegrini ने उन्हें स्लोवाक भाषा में अनूदित उपनिषदों की प्रति भेंट की थी।
अंतरिक्ष और विज्ञान में भी बढ़ेगा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने याद दिलाया कि वर्ष 2017 में स्लोवाकिया का पहला उपग्रह भारत की मदद से अंतरिक्ष में भेजा गया था। उन्होंने कहा कि भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहा है और स्लोवाक कंपनियों को इसमें भागीदार बनने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर Indian National Science Academy और Slovak Academy of Sciences के बीच वैज्ञानिक सहयोग संबंधी समझौते पर भी हस्ताक्षर हुए। दोनों देशों ने रक्षा क्षेत्र में एक ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ पर हस्ताक्षर किए, जिससे संयुक्त अनुसंधान, संयुक्त उत्पादन और रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नागरिक परमाणु ऊर्जा भी दोनों देशों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है और इस क्षेत्र में उद्योगों तथा विशेषज्ञों के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है।
भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते पर समर्थन
प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि इसके जल्द लागू होने से दोनों पक्षों के उद्योगों, स्टार्टअप्स और व्यापारियों को बड़ा लाभ मिलेगा। मोदी ने स्लोवाकिया में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों की भी सराहना करते हुए कहा कि वे वहां की अर्थव्यवस्था और समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने स्लोवाक प्रधानमंत्री Robert Fico को भारत का सच्चा मित्र बताते हुए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की।