Edited By Ashutosh Chaubey,Updated: 29 Aug, 2025 03:18 PM

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 2025 की AGM में बताया कि जियो का IPO पहली छमाही 2026 में लॉन्च होगा। इसके लिए जल्द ही ड्राफ्ट फाइल किया जाएगा। जियो के 50 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं और FY25 में इसका रेवेन्यू ₹1.28 लाख करोड़ रहा। IPO से...
नेशनल डेस्क: रिलायंस इंडस्ट्रीज की 48वीं सालाना आम बैठक (AGM) का इंतजार देश के 44 लाख से ज्यादा निवेशक कर रहे थे और यह इंतजार आज खत्म हुआ। देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी ने इस AGM में कई बड़ी घोषणाएं की गई, जिनमें सबसे बड़ी घोषणा रिलायंस जियो के IPO को लेकर रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बैठक में साफ कर दिया कि जियो का आईपीओ 2026 की पहली छमाही में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए जल्द ही ड्राफ्ट पेपर्स फाइल किए जाएंगे।
IPO से पहले ही Jio का जबरदस्त प्रदर्शन
मुकेश अंबानी ने जानकारी दी कि रिलायंस जियो ने हाल ही में 500 मिलियन (50 करोड़) ग्राहकों का आंकड़ा पार कर लिया है। यह कंपनी के जबरदस्त ग्रोथ को दर्शाता है। कंपनी ने 5G नेटवर्क, फिक्स्ड ब्रॉडबैंड और AI टेक्नोलॉजी में बड़े स्तर पर निवेश किया है। वित्त वर्ष 2024-25 (FY25) में जियो ने ₹1.28 लाख करोड़ का रेवेन्यू हासिल किया, जो इसकी मजबूत वित्तीय स्थिति को दिखाता है। साथ ही कंपनी का EBITDA भी शानदार रहा, जिससे यह साफ है कि जियो आईपीओ के लिए पूरी तरह से तैयार है। यहां EBITDA मतलब... कंपनी ने अपना बिजनेस चलाकर जो पैसा कमाया, उसमें से टैक्स, कर्ज और मशीन की कीमत घटाने से पहले वाला पैसा है।
शेयर बाजार में लिस्टिंग से निवेशकों को मिलेगा बड़ा मौका
जैसे ही जियो शेयर बाजार में लिस्ट होगी, वैल्यू अनलॉकिंग के नए रास्ते खुलेंगे। मुकेश अंबानी ने कहा कि यह ग्लोबल लेवल पर भी निवेशकों के लिए फायदे का सौदा होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि जियो के IPO से कंपनी 12 से 13 लाख करोड़ रुपये तक जुटा सकती है। इस फंड का इस्तेमाल कंपनी अपने कारोबार को और अधिक विस्तार देने में करेगी।
रिलायंस बनी 125 अरब डॉलर कमाने वाली पहली भारतीय कंपनी
एजीएम बैठक 2025 में मुकेश अंबानी ने कंपनी के प्रदर्शन पर भी बात की। उन्होंने बताया कि रिलायंस इंडस्ट्रीज 125 अरब डॉलर की वार्षिक कमाई को पार करने वाली भारत की पहली कंपनी बन गई है। कंपनी का EBITDA ₹1,83,422 करोड़ रहा, जबकि नेट प्रॉफिट ₹81,309 करोड़ तक पहुंच गया। इससे साफ है कि रिलायंस की सभी यूनिट्स जिनमें जियो, रिटेल और एनर्जी शामिल है ये सभी एक पॉजटिव ग्रोथ पर चल रही हैं।
एक्सपोर्ट में भी रिलायंस का दबदबा कायम है?
रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत की सबसे बड़ी निर्यातक कंपनियों में से एक बन चुकी है। कंपनी का कुल निर्यात FY25 में ₹2,83,719 करोड़ रहा, जो भारत के कुल वस्तु निर्यात का 7.6% हिस्सा है। इससे यह भी साबित होता है कि रिलायंस ना सिर्फ घरेलू बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी पकड़ मजबूत कर चुकी है।
जियो IPO को लेकर क्या करें निवेशक?
साल 2026 में जब जियो IPO बाजार में आएगा तो यह देश के सबसे बड़े IPO में से एक हो सकता है। जिन निवेशकों को लंबे समय के लिए अच्छा रिटर्न चाहिए, उनके लिए यह एक बेहतर मौका हो सकता है। लेकिन निवेश से पहले कंपनी के फाइनेंशियल्स और मार्केट कंडीशन को जरूर समझना होगा।