कानपुर: सांसद रमेश अवस्थी के सेवा केंद्र पर एक माह तक अखंड जला 'सेवा संकल्प दीप', यज्ञ-हवन के साथ हुआ समापन

Edited By Updated: 20 Oct, 2026 04:46 PM

kanpur seva sankalp deep remained lit continuously for a month mp ramesh awasthi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी के सेवा केंद्र में प्रज्ज्वलित 'सेवा संकल्प दीप' का एक माह पूरा होने पर शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ-हवन के साथ विधिवत समापन किया गया।

कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी के सेवा केंद्र में प्रज्ज्वलित 'सेवा संकल्प दीप' का एक माह पूरा होने पर शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ-हवन के साथ विधिवत समापन किया गया। समापन अनुष्ठान में सर्वधर्म प्रतिनिधियों के साथ भाजपा कानपुर महानगर के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

सांसद अवस्थी ने यह दीप 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ सेवा केंद्र के मुख्य द्वार पर स्थापित किया था। आयोजकों के अनुसार दीप पूरे एक माह तक 24 घंटे अनवरत जलता रहा और इसे देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक सेवा केंद्र पहुंचते रहे। आयोजकों ने इसे देश में अपनी तरह का अनूठा आयोजन बताया।

समापन अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सफर में देश को विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि पक्के आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत, किसान कल्याण योजनाओं और निःशुल्क खाद्यान्न जैसी पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है, जबकि स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का संकल्प आज देश की सामूहिक आकांक्षा बन चुका है।

अवस्थी ने कहा कि अखंड ज्योति के माध्यम से एक माह तक प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की गई और आज यज्ञ-हवन के साथ राष्ट्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हुए अनुष्ठान का समापन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से कानपुर में भी जनकल्याण के कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम में पनकी मंदिर के महंत जितेंद्र दास, अरुण चैतन्य पुरी, पादरी जितेंद्र सिंह, ताज खुसरू, भाजपा कानपुर महानगर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, सलिल विश्नोई और क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समापन पर कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और जनसेवा के कार्यों को निष्ठा से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

मोतीझील आयोजन गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज

गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सांसद अवस्थी ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत कानपुर के मोतीझील में भव्य दीप आयोजन किया था। इसमें एक ही स्थान पर बड़ी संख्या में दीप जलाकर विभिन्न कलात्मक आकृतियां बनाई गई थीं, जिन्हें ‘Golden Book of World Records’ ने “Most Designs Created with Illuminated Earthen Lamps” श्रेणी में आधिकारिक रूप से दर्ज किया। इस दौरान आयोजित ड्रोन शो में प्रधानमंत्री के सुशासन और विकसित भारत की यात्रा को प्रदर्शित किया गया था।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!