Edited By Pardeep,Updated: 18 Oct, 2026 11:44 PM

नई दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आयोजित 'लक्मे फैशन वीक एक्स एफडीसीआई 2026' के अंतिम दिन केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की समृद्ध कपड़ा विरासत और समकालीन रचनात्मकता की शानदार झलक देखने को मिली।
नई दिल्ली/लेह : नई दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आयोजित 'लक्मे फैशन वीक एक्स एफडीसीआई 2026' के अंतिम दिन केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की समृद्ध कपड़ा विरासत और समकालीन रचनात्मकता की शानदार झलक देखने को मिली। 'द फिफ्थ सीजन: ए फैशन स्टोरी फ्रॉम लद्दाख' शीर्षक से आयोजित इस विशेष शो में लद्दाख के विश्व प्रसिद्ध पश्मीना, स्वदेशी वस्त्रों और पारंपरिक हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य चांगथांग के कारीगरों और चरवाहा समुदायों के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर लाना रहा।

उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना का वर्चुअल संबोधन
कार्यक्रम को लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने लद्दाख की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों, पश्मीना पालकों, बुनकरों, महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को आधुनिक बाजारों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की पहलों से लद्दाख की विरासत संरक्षित होगी और क्षेत्र में रोजगार के स्थायी अवसर पैदा होंगे।

चांगथांग के पश्मीना और कारीगरों की रैंप पर धूम
इस प्रदर्शन में लगभग 14,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित चांगथांग के चांगपा चरवाहों और चांगरा बकरियों से प्राप्त पश्मीना फाइबर की यात्रा को दर्शाया गया। सबसे खास बात यह रही कि चांगथांग के स्थानीय कारीगरों ने खुद रैंप पर उतरकर अपनी कला और समर्पण का प्रदर्शन किया। यह पहल भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय की RAMP (रेजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस) योजना के तहत लद्दाख के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित की गई थी।

लद्दाख के 4 प्रमुख डिजाइनरों ने बिखेरा जादू
फैशन शो के दौरान लद्दाख के चार प्रमुख डिजाइनरों और ब्रांड्स ने अपनी अनूठी कला का प्रदर्शन किया:
- नामज़ा (पद्मा यांगचन): इन्होंने ब्रोकेड फैब्रिक और पश्मीना से बने 18 परिधानों के साथ शो की शुरुआत की।
- जिलज़ोम (स्टैनज़िन पाल्मो): इन्होंने चांगथांग के परिदृश्यों से प्रेरित सिल्क प्रिंट और पारंपरिक लद्दाखी ऊनी कपड़े 'स्नंबू' (snambu) से बने 18 परिधान पेश किए।
- चांगरा लद्दाख (देसकित अंगमो) व चरखा लद्दाख (रिगज़िन यांगडोल): दोनों ने हाथ से काते और बुने गए प्रामाणिक पश्मीना शॉल का प्रदर्शन किया।

शालिनी पासी बनीं शोस्टॉपर, 'दशग्स' बैंड ने बांधी समां
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शोस्टॉपर शालिनी पासी रहीं, जिन्होंने डिजाइनर जिलज़ोम (Zilzom) द्वारा तैयार किया गया गाउन पहनकर रैंप वॉक किया। इसके साथ ही प्रसिद्ध 'दशग्स' (Dashugs) बैंड की लाइव संगीतमय प्रस्तुति ने फैशन शो में चार चांद लगा दिए।

23-24 अक्टूबर को आयोजित होगा 'लद्दाख पश्मीना कॉन्क्लेव'
लक्मे फैशन वीक में मिली अपार सफलता के बाद, RAMP योजना के तहत 23 और 24 अक्टूबर को 'लद्दाख पश्मीना कॉन्क्लेव' आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे और 100 से अधिक उद्यमियों तथा खरीदारों के भाग लेने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय कारीगरों को सीधे व्यापारिक अवसर मिल सकेंगे।
