Edited By Mansa Devi,Updated: 17 Feb, 2026 12:40 PM

देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम इन दिनों असामान्य परिदृश्यों के बीच बदल रहा है। फरवरी के पहले सप्ताह में जहां कई क्षेत्रों में मार्च जैसी गर्मी महसूस की गई थी, वहीं अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम और उत्तर भारत के कई हिस्सों में...
नेशनल डेस्क: देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम इन दिनों असामान्य परिदृश्यों के बीच बदल रहा है। फरवरी के पहले सप्ताह में जहां कई क्षेत्रों में मार्च जैसी गर्मी महसूस की गई थी, वहीं अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ बारिश का दौर भी शुरू होने वाला है। 17, 18 और 19 फरवरी तक 10 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। जिससे मौसम फिर करवट ले सकता है।
IMD की चेतावनी: 10 राज्यों में बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 17, 18 और 19 फरवरी तक देश के 10 राज्यों में बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी कर सकता है। उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाके भी इस सिस्टम के प्रभाव से प्रभावित होंगे और हल्की बूंदाबांदी तथा गरज-चमक का सामना कर सकते हैं। उधर, ओडिशा के कुछ हिस्सों में 18 फरवरी की सुबह कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है।
उत्तर भारत में मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में 17 व 18 फरवरी को मौसम बदलने के संकेत हैं। मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद और नोएडा जैसे शहरों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है। वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी तथा मैदानी इलाकों में भी बारिश की संभावना है। चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधम सिंह नगर जैसे जिलों में 17 और 18 फरवरी को मौसम सामान्य से बदलकर गीला हो सकता है। ऊँचाई वाले इलाकों में 18 और 19 फरवरी को बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है, जिससे ठंड का प्रभाव और बढ़ सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में 17 फरवरी को गर्मी का एहसास
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 17 फरवरी को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है, जिससे दोपहर में गर्मी का एहसास होगा। हालांकि अगले 24 घंटों में मौसम फिर बदल सकता है और हल्की बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट और मौसम में संतुलन आने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में बदलते मौसम के संकेत
हिमाचल प्रदेश के अनेक जिलों में 17 और 18 फरवरी को बारिश होने की संभावना है। शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू के कई हिस्सों में वर्षा का प्रभाव महसूस हो सकता है। ऊँचाई वाले इलाकों में 18 एवं 19 फरवरी को बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे पहाड़ों पर ठंडा मौसम और गहरा सकता है। वहीं जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग जैसे शहरों में 17 फरवरी को बारिश की संभावना है। लद्दाख के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं।
मध्य भारत और पूर्वोत्तर की स्थिति
राजस्थान में दोपहर के समय बादल छा सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। खासकर हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू जैसे इलाकों में 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुभव हो सकता है। मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ वर्षा का अनुमान है। सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद सहित कई जिलों में बारिश के आसार हैं, जबकि 17 फरवरी को वहां मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
बिहार में फिलहाल कोई राहत नहीं
बिहार में इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि मिथिलांचल और सीमांचल क्षेत्रों में मध्यम कोहरा तथा हल्की ठंड का असर बना रह सकता है, जिससे सुबह का तापमान कम रहेगा और दृश्यता भी कुछ प्रभावित हो सकती है।
मौसम विभाग की सलाह
आईएमडी ने मौसम में बदलाव के कारण लोगों से आवश्यक सावधानियां बरतने और ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। बढ़ती गर्मी के बीच बारिश तथा हवाओं का असर अलग-अलग हिस्सों में अलग तरह से महसूस हो सकता है, इसलिए लोग मौसम के अनुरूप तैयारी रखें।