Edited By Anu Malhotra,Updated: 12 Feb, 2026 04:12 PM

फरवरी के महीने में गर्मी की आहट के बीच मौसम एक बार फिर पलटी मारने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के आसमान पर बादलों का पहरा होगा और मूसलधार बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। दरअसल, एक के बाद...
नेशनल डेस्क: फरवरी के महीने में गर्मी की आहट के बीच मौसम एक बार फिर पलटी मारने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के आसमान पर बादलों का पहरा होगा और मूसलधार बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। दरअसल, एक के बाद एक दो 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहे हैं, जो पहाड़ों से लेकर मैदानों तक का पारा गिरा देंगे।
13 से 17 फरवरी तक 'बरसात का अलर्ट'
मौसम विभाग की मानें तो पहला मौसमी सिस्टम 13 फरवरी से हिमालयी क्षेत्रों में दस्तक देगा, जबकि दूसरा और अधिक शक्तिशाली सिस्टम 16 फरवरी से असर दिखाना शुरू करेगा। इसका सीधा असर यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों पर पड़ेगा। इन राज्यों में 13 से 17 फरवरी के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है।
यूपी-उत्तराखंड में भारी बारिश और बिजली गिरने का डर
उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव 17 फरवरी को देखने को मिलेगा। पश्चिमी यूपी के जिलों में बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड के पहाड़ों पर 16 से 18 फरवरी के बीच कुदरत का दोहरा प्रहार होगा-यहां भारी बारिश के साथ बर्फबारी का भी पूर्वानुमान है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को इस दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR और पंजाब-हरियाणा का हाल
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 15 फरवरी तक सुबह के समय धुंध और दिन में हल्के बादल छाए रहेंगे। हालांकि, तापमान 25 से 29 डिग्री के बीच रहने से दिन में गर्मी महसूस होगी। उधर, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में 12 से 18 फरवरी के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहेगा।
समुद्र किनारे न जाने की सलाह
सिर्फ जमीन ही नहीं, समंदर में भी हलचल तेज है। मौसम विभाग ने मछुआरों को सचेत किया है कि 12 से 17 फरवरी के बीच बंगाल की खाड़ी के तटीय इलाकों में न जाएं, क्योंकि वहां मौसम खराब रहने और ऊंची लहरें उठने की आशंका है।