Edited By Parveen Kumar,Updated: 14 Feb, 2026 05:55 PM

देशभर में जहां सर्दी अब विदा लेने की कगार पर थी, वहीं मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। उत्तर भारत समेत 11 राज्यों में अगले 24 घंटे बाद मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि...
नेशनल डेस्क : देशभर में जहां सर्दी अब विदा लेने की कगार पर थी, वहीं मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। उत्तर भारत समेत 11 राज्यों में अगले 24 घंटे बाद मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि बारिश के साथ तापमान में गिरावट और तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में तो बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
इन 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट, तेज हवाएं भी चलेंगी
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश का असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16 और 17 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 17 और 18 फरवरी को बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17-18 फरवरी को हल्की बारिश की चेतावनी है, जबकि मध्य प्रदेश में 18-19 फरवरी को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। अंडमान-निकोबार में 16 से 18 फरवरी के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है।
29 जिलों में कोहरा बढ़ाएगा मुश्किलें
ठंड कम जरूर हुई है, लेकिन कोहरे की मार अभी खत्म नहीं हुई। उत्तर प्रदेश के कई जिलों- मथुरा, आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाजियाबाद, झांसी समेत 19 जिलों- में सुबह के समय घना कोहरा दृश्यता कम कर सकता है। हरियाणा के गुरुग्राम, हिसार, करनाल और रोहतक सहित कई जिलों में भी कोहरे की चेतावनी है। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और जालंधर में भी सुबह धुंध परेशानी बढ़ा सकती है।
दिल्ली में राहत, लेकिन सुबह-शाम ठंड कायम
दिल्ली में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। दिन में धूप खिली रहेगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी। राजधानी में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अच्छी बात यह है कि AQI में सुधार देखने को मिल सकता है।
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा हाल?
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हिस्सों में 17 और 18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सहारनपुर, अलीगढ़, इटावा और मैनपुरी जैसे जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। लखनऊ में 15 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
बिहार में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कई जिलों में कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। पटना में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पहाड़ों पर फिर गिरेगी बर्फ?
उत्तराखंड के चमोली, पिथौरागढ़ और नैनीताल समेत कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। देहरादून में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में भी अगले 48 घंटे बाद मौसम बिगड़ सकता है। शिमला, कांगड़ा और मनाली में बारिश के साथ ठंड बढ़ने की आशंका है। मनाली में तापमान माइनस में रहने का अनुमान है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान में 17 और 18 फरवरी को जयपुर, अजमेर और जोधपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को जबलपुर, रीवा और सतना समेत कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।