Edited By Parveen Kumar,Updated: 15 Apr, 2026 10:08 PM

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार शाम भीषण आग लग गई, जिससे 200 झोपड़ियां नष्ट हो गईं । अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार दोपहर बाद रिंग रोड के पास एक खाली भूखंड में झोपड़ियों में आग लग गयी तथा काले धुएं का...
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार शाम भीषण आग लग गई, जिससे 200 झोपड़ियां नष्ट हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार दोपहर बाद रिंग रोड के पास एक खाली भूखंड में झोपड़ियों में आग लग गयी तथा काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में आग लगी, उसके पास होटल और विभिन्न ऑटोमोबाइल शोरूम भी हैं। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ''आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कम से कम 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घरों के अंदर रखे छोटे रसोई गैस सिलेंडरों में बार-बार विस्फोट होने से अभियान मुश्किल हो गया था।''
अधिकारियों के अनुसार आग में दर्जनों गरीब परिवारों का सामान जलकर राख हो गया। अधिकारियों ने कहा कि शुरुआती आकलन में किसी की जान जाने या गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी राहत प्रयासों में समन्वय के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारी ने कहा, ''प्राथमिक ध्यान आग को पास के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और आवासीय कॉलोनियों में फैलने से रोकना था। आग अब काफी हद तक नियंत्रण में है।''
उन्होंने कहा कि आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है ।