Edited By Anu Malhotra,Updated: 24 Feb, 2026 08:38 AM

हम अक्सर अपने पालतू कुत्तों को परिवार का हिस्सा मानते हैं और उनके प्रति अपना प्यार जताने में कोई कसर नहीं छोड़ते। बदले में, ये वफादार जानवर भी हमें चाटकर अपनी ममता दिखाते हैं। लेकिन क्या आप सोच सकते हैं कि किसी बेजुबान का यही प्यार आपके लिए मौत का...
नेशनल डेस्क: हम अक्सर अपने पालतू कुत्तों को परिवार का हिस्सा मानते हैं और उनके प्रति अपना प्यार जताने में कोई कसर नहीं छोड़ते। बदले में, ये वफादार जानवर भी हमें चाटकर अपनी ममता दिखाते हैं। लेकिन क्या आप सोच सकते हैं कि किसी बेजुबान का यही प्यार आपके लिए मौत का पैगाम बन सकता है? ब्रिटेन की 52 वर्षीय मनजीत संघा के साथ हुई रूह कंपा देने वाली घटना ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। महज एक पालतू कुत्ते के चाटने की वजह से आज यह महिला अपने दोनों हाथ और पैर गंवा चुकी है।
कैसे शुरू हुआ यह दर्दनाक सफर?
साल 2025 के जुलाई महीने में मनजीत जब काम से लौटीं, तो उन्हें हल्की बेचैनी महसूस हुई। उन्होंने इसे मामूली थकान समझा होगा, लेकिन अगले ही दिन उनकी हालत बेकाबू हो गई। शरीर ठंडा पड़ने लगा, होंठ नीले हो गए और सांसें उखड़ने लगीं। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जो खुलासा किया, वह किसी बुरे सपने जैसा था। मनजीत 'सेप्सिस' नाम की एक बेहद खतरनाक स्थिति से जूझ रही थीं। इलाज के दौरान उन्हें एक नहीं बल्कि 6 बार दिल का दौरा पड़ा। संक्रमण इतना फैल चुका था कि उनकी जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उनके दोनों हाथ और घुटनों के नीचे से दोनों पैर काटने का कड़ा फैसला लेना पड़ा।
लार में छिपा है मौत का बैक्टीरिया
हैरानी की बात यह है कि मनजीत को कुत्ते ने काटा नहीं था। असल में उनके शरीर पर एक छोटा सा घाव या खरोंच थी, जिसे उनके कुत्ते ने प्यार से चाट लिया था। डॉक्टरों के अनुसार, कुत्तों के थूक में 'कैपनोसाइटोफेगा कैनिमोरसस' नाम का एक बैक्टीरिया पाया जाता है। वैसे तो यह सामान्य होता है, लेकिन अगर यह किसी जख्म के जरिए इंसान के खून में मिल जाए, तो यह सेप्सिस पैदा कर सकता है। सेप्सिस वह स्थिति है जहाँ शरीर का अपना रक्षा तंत्र (इम्यून सिस्टम) ही खुद के अंगों को नष्ट करने लगता है। इससे अंगों में सूजन आ जाती है, ब्लड प्रेशर गिर जाता है और शरीर के अंग काम करना बंद कर देते हैं।
सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है
यह घटना हमें डराने के लिए नहीं, बल्कि जागरूक करने के लिए है। अगर आप भी पेट लवर हैं, तो कुछ बातों का खास ख्याल रखें। कभी भी अपने पालतू जानवर को शरीर के किसी भी घाव या चोट वाली जगह को चाटने न दें। अगर आपके शरीर पर कोई मामूली खरोंच भी है, तो उसे तुरंत साफ करके पट्टी से ढक दें। यदि जानवर के संपर्क में आने के बाद आपको अचानक तेज बुखार, कंपकंपी, सांस लेने में तकलीफ या स्किन पर अजीब धब्बे दिखाई दें, तो इसे मामूली कमजोरी समझकर टालने की गलती न करें। आपकी एक छोटी सी सावधानी आपको और आपके परिवार को सुरक्षित रख सकती है।