Edited By Parveen Kumar,Updated: 21 Sep, 2025 10:05 PM

नवरात्रि के पावन पर्व पर राजधानी पिंक सिटी जयपुर में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जयपुर हेरिटेज नगर निगम ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि सोमवार, 22 सितंबर को नवरात्रि के पहले दिन सभी मांस और मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। यह फैसला मेयर...
नेशनल डेस्क: नवरात्रि के पावन पर्व पर राजधानी पिंक सिटी जयपुर में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जयपुर हेरिटेज नगर निगम ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि सोमवार, 22 सितंबर को नवरात्रि के पहले दिन सभी मांस और मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। यह फैसला मेयर कुसुम यादव के निर्देश पर लिया गया है।
मंगलवार और शनिवार को भी रहेंगी दुकानें बंद
मेयर कुसुम यादव ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंगलवार और शनिवार को भी ये दुकानें बंद रखने का आदेश दिया गया है। इस फैसले का मकसद है कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत न हों, क्योंकि इन दिनों बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं और पूजा-पाठ करते हैं।
लाइसेंस वाली दुकानों के लिए भी दिशा-निर्देश
नवरात्रि के बाकी दिनों में सिर्फ लाइसेंस प्राप्त मांस-मछली की दुकानें ही खुल सकेंगी। लेकिन इन दुकानों को भी कड़े नियमों का पालन करना होगा:
- मांस-मछली की बिक्री सिर्फ दुकान के अंदर ही की जा सकेगी।
- दुकान के बाहर से कोई दृश्य नजर नहीं आना चाहिए। इसके लिए कांच या मोटे पर्दे लगाने होंगे।
- दुकानों में स्वच्छता के विशेष इंतजाम करने होंगे।
अवैध दुकानों पर सख्त कार्रवाई
मेयर यादव ने बताया कि नगर निगम अवैध मांस-मछली की दुकानों के खिलाफ पहले से ही अभियान चला रहा है, लेकिन नवरात्रि के दौरान सख्ती और बढ़ाई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा, और जरूरत पड़ने पर दुकानें सील भी की जा सकती हैं।
नॉनवेज रेस्टोरेंट्स के लिए भी नियम
नॉनवेज रेस्टोरेंट्स को भी हिदायत दी गई है कि वे:
- बाहर मांस-मछली का प्रदर्शन नहीं करेंगे।
- खाना रेस्टोरेंट के अंदर ही पकाएं और परोसें।
- रसोई और किचन पूरी तरह कवर और साफ-सुथरे हों।
नगर निगम कर रहा है विशेष सफाई अभियान
मेयर कुसुम यादव ने बताया कि नगर निगम ने पूरे शहर को स्वच्छ और श्रद्धालुओं के अनुरूप बनाए रखने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। खासतौर पर देवी मंदिरों के आसपास साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है।