Edited By Radhika,Updated: 28 Aug, 2025 11:49 AM

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। करेली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने एक तांत्रिक के कहने पर अपने 17 साल के रिश्तेदार पीयूष की निर्मम हत्या कर दी।
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। करेली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने एक तांत्रिक के कहने पर अपने 17 साल के रिश्तेदार पीयूष की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने पीयूष के शरीर के दो टुकड़े कर दिए। धड़ को नैनी में और सिर को सैदपुर कछार में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
तांत्रिक के कहने पर की हत्या
पुलिस उपायुक्त (नगर) अभिषेक भारती ने बताया कि आरोपी शरण सिंह को बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में शरण सिंह ने बताया कि उसने यह खौफनाक कदम एक तांत्रिक के कहने पर उठाया था। शरण सिंह मृतक किशोर पीयूष के दादा का भाई है। शरण सिंह के दो बच्चे, बेटा और बेटी, 2023 और 2024 में आत्महत्या कर चुके थे। बच्चों की मौत से परेशान होकर शरण सिंह एक तांत्रिक के पास गया। तांत्रिक ने उसे बताया कि वास्तव में पीयूष को मरना था, लेकिन उसकी मौत नहीं हुई, इसलिए उसके बच्चों ने अपनी जान दी। तांत्रिक ने उसे पीयूष को मारने के लिए उकसाया।
मां ने दर्ज करवाई बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट-
पीयूष की मां कामिनी देवी ने मंगलवार को करेली थाना में बेटे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीयूष 11वीं का छात्र था और मंगलवार को स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। जब वह दोपहर तक घर नहीं लौटा, तो मां को चिंता हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। उसी दिन नैनी के औद्योगिक क्षेत्र में एक नाले में एक शव का धड़ मिला था। धड़ को एक साड़ी में लपेटकर फेंका गया था। एक ग्रामीण महिला ने आरोपी को शव फेंकते हुए देख लिया था। उस महिला द्वारा दिए गए हुलिये के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। बाद में, पुलिस ने सैदपुर कछार से पीयूष का सिर भी बरामद किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी शरण सिंह ने पीयूष की हत्या के बाद उसके सिर और हाथ-पैर काट दिए थे। इस जघन्य अपराध ने पूरे शहर को दहला दिया है।