Edited By Sahil Kumar,Updated: 12 Oct, 2026 02:04 PM

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के समन्वयक अभिजीत दीपके ने सोमवार को आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की बढ़ती मांग के बीच नरेन्द्र मोदी सरकार उन्हें बचाने के लिए नागरिकों के खिलाफ युद्ध छेड़ रही है।
छत्रपति संभाजीनगरः कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के समन्वयक अभिजीत दीपके ने सोमवार को आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की बढ़ती मांग के बीच नरेन्द्र मोदी सरकार उन्हें बचाने के लिए नागरिकों के खिलाफ युद्ध छेड़ रही है।
दीपके रविवार देर रात महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी पहुंचे और उस स्थान पर गए, जहां उनकी दादी का अंतिम संस्कार किया गया था। दीपके ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, ''युवाओं पर हमला किया जा रहा है, पत्रकारों पर हमला किया जा रहा है, यहां तक कि दिल्ली पुलिस सांसदों पर भी हमला कर रही है।
मोदी के लिए ज्ञानेश कुमार इतने जरूरी क्यों हैं कि उन्हें बचाने के लिए वह हर किसी के खिलाफ युद्ध छेड़ने को तैयार हैं?'' जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दीपके को कॉजपा नेता आशुतोष रांका और सौरव दास के साथ शनिवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर एहतियातन हिरासत में ले लिया गया था। उन्हें रविवार को इस शर्त पर रिहा किया गया कि वे एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे।
कॉजपा और विपक्षी दल मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।