ज्ञानेश कुमार सामने आएं और इस्तीफा दें : युवा कांग्रेस

Edited By Updated: 02 Oct, 2026 04:46 PM

gyanesh kumar should come forward and resign youth congress

भारतीय युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया और कुछ कार्यकर्ताओं ने ''भूत का रूप धारण कर'' निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा कुमार के इस्तीफे की मांग की।

नई दिल्लीः भारतीय युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया और कुछ कार्यकर्ताओं ने ''भूत का रूप धारण कर'' निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा कुमार के इस्तीफे की मांग की।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में संगठन कार्यकर्ताओं ने 'सीईसी इस्तीफा दो', 'निर्वाचन आयोग जवाब दो' और 'लोकतंत्र बचाओ' जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारी युवा कांग्रेस कार्यालय से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तभी दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया और उन्हें हिरासत में ले लिया। चिब ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं का भूत का रूप धारण करना एक 'प्रतीकात्मक संदेश' है और इसका उद्देश्य यह सवाल उठाना है कि लोकतंत्र के महत्वपूर्ण संस्थानों को लेकर जनता के मन में सवाल क्यों पैदा हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, अगर निर्वाचन आयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो सीईसी को सामने आकर इस्तीफा देना चाहिए। चिब ने कहा कि निर्वाचन आयोग किसी सरकार या राजनीतिक दल की निजी संस्था नहीं है, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की संस्था है तथा इसकी विश्वसनीयता और निष्पक्षता को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब देना सीईसी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं और आम नागरिकों के मन में चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों को दबाया नहीं जा सकता तथा भारतीय युवा कांग्रेस अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन और जनजागरूकता अभियान जारी रखेगी। युवा कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि शुक्रवार का प्रदर्शन किसी एक व्यक्ति के खिलाफ विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता के विश्वास से जुड़े मुद्दों को उठाने का प्रयास है। संगठन ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं है और संवैधानिक संस्थाओं से जवाब मांगना नागरिकों का अधिकार है। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!