Edited By Anu Malhotra,Updated: 05 Apr, 2026 05:13 PM

मुंबई से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, एक सार्वजनिक शौचालय के भीतर से कैफे चलाया जा रहा था। यह मामला देश की आर्थिक राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में से एक, फोर्ट स्थित 'फैशन स्ट्रीट' के पास का है।
नेशनल डेस्क: मुंबई से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, एक सार्वजनिक शौचालय के भीतर से कैफे चलाया जा रहा था। यह मामला देश की आर्थिक राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में से एक, फोर्ट स्थित 'फैशन स्ट्रीट' के पास का है।
पिंक टॉयलेट के भीतर गैरकानूनी कैफे
मुंबई के A-Ward इलाके में महिलाओं की सुविधा के लिए 'पिंक टॉयलेट' के नाम से मोबाइल टॉयलेट बसें तैनात की गई थीं। इन्ही में से एक बस के पिछले हिस्से का इस्तेमाल बर्गर, चिकन रोल और सैंडविच जैसे स्नैक्स बेचने के लिए किया जा रहा था। जिस स्थान पर स्वच्छता और गोपनीयता सुनिश्चित होनी चाहिए थी, वहां खुलेआम खाना पकाया और बेचा जा रहा था।
यह कैफे कोई नया नहीं था, बल्कि पिछले एक साल से इसी तरह चल रह है। शौचालय की सुविधा तो जनता के लिए बंद कर दी गई थी, लेकिन उसके ढांचे के भीतर यह अवैध फूड स्टॉल फल-फूल रहा था। टॉयलेट जैसे स्थान पर खाना तैयार करना न केवल अनैतिक है, बल्कि यह आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और गंभीर बीमारियों को न्योता देने जैसा है।
जब यह मामला प्रकाश में आया और विवाद बढ़ा, तब मुंबई नगर निगम (BMC) हरकत में आया। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस अवैध कैफे को बंद करवा दिया है। इस घटना ने बीएमसी के निगरानी तंत्र पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं कि कैसे एक साल तक प्रशासन की नाक के नीचे शौचालय के भीतर व्यवसाय चलता रहा। फिलहाल बीएमसी इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध काम को किसकी शह पर अंजाम दिया जा रहा था।