Edited By Anu Malhotra,Updated: 09 Oct, 2026 08:15 AM

अभिनेता नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार गुरुवार की देर रात पुणे के खड़कवासला स्थित डोंजे गांव में बने उनके फार्महाउस पर संपन्न हुआ। देर रात अंतिम संस्कार किए जाने के फैसले पर उठ रहे सवालों के बीच, नाना पाटेकर के बेटे मल्हार पाटेकर ने स्थिति को साफ किया।
पुणे: अभिनेता नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार गुरुवार की देर रात पुणे के खड़कवासला स्थित डोंजे गांव में बने उनके फार्महाउस पर संपन्न हुआ। देर रात अंतिम संस्कार किए जाने के फैसले पर उठ रहे सवालों के बीच, नाना पाटेकर के बेटे मल्हार पाटेकर ने स्थिति को साफ किया। उन्होंने बेहद विनम्रता से बताया कि सुबह निधन होने के कारण काफी समय बीत चुका था, जिसके चलते परिवार ने अंतिम संस्कार में और देरी न करने का निर्णय लिया।
जब मीडिया ने मल्हार से अंतिम संस्कार के समय के बारे में पूछा - यह देखते हुए कि कई फिल्म स्टार्स अभी भी एक्टर को आखिरी श्रद्धांजलि देना चाहते थे - तो उन्होंने परिवार के फैसले को समझाते हुए कहा, "ऐसा नहीं है कि इतनी रात को क्यों किया, कल क्यों नहीं किया। हमें लगा कि चूंकि आज सुबह-सुबह यह हादसा हुआ था और काफी समय बीत चुका था, इसलिए हमने सोचा कि आज ही करेंगे।"
गुरुवार को नाना का अंतिम संस्कार उनके फार्महाउस पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। एक्टर का निधन गुरुवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर 75 वर्ष की आयु में हुआ।
अंतिम संस्कार में जैकी श्रॉफ, प्रवीण तरडे, साजिद नाडियाडवाला और अनिल शर्मा जैसी हस्तियां शामिल हुईं। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर, महाराष्ट्र के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल और भाई जगताप समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।