Edited By jyoti choudhary,Updated: 09 Oct, 2026 10:29 AM

सेंसेक्स और निफ्टी में दो सत्र की गिरावट के बाद शुक्रवार को तेजी दर्ज की गई। बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स 775.92 अंक चढ़कर 72,369.16 अंक पर पहुंच गया। एनएसई का 50 शेयर वाला निफ्टी 263.40 अंक की बढ़त के साथ 22,495.20 अंक पर रहा।
मुंबईः सेंसेक्स और निफ्टी में दो सत्र की गिरावट के बाद शुक्रवार को तेजी दर्ज की गई। बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स 775.92 अंक चढ़कर 72,369.16 अंक पर पहुंच गया। एनएसई का 50 शेयर वाला निफ्टी 263.40 अंक की बढ़त के साथ 22,495.20 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का शेयर चार प्रतिशत से अधिक चढ़ा। कंपनी की जुलाई-सितंबर तिमाही में शुद्ध लाभ में 15 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा के बाद इसके शेयर में यह तेजी आई।
इन्फोसिस, आईटीसी, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी बढ़त में रहे। वहीं इटर्नल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर गिरावट में रहे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में कारोबार कर रहे हैं जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा।
अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.11 प्रतिशत फिसलकर 103 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 12,943.58 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 1,045.46 अंक और निफ्टी 371.25 अंक की भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था।