Edited By Anu Malhotra,Updated: 10 Mar, 2026 08:38 AM

T20 World Cup 2026: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार, 8 मार्च को भारतीय क्रिकेट ने एक ऐसा स्वर्णिम अध्याय लिखा जिसे सदियों तक याद रखा जाएगा। फाइनल के रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के भारी अंतर से धूल चटाकर...
T20 World Cup 2026: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार, 8 मार्च को भारतीय क्रिकेट ने एक ऐसा स्वर्णिम अध्याय लिखा जिसे सदियों तक याद रखा जाएगा। फाइनल के रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के भारी अंतर से धूल चटाकर रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की। साल 2007 और 2024 के बाद अब 2026 में मिली इस जीत ने भारत को दुनिया की पहली ऐसी टीम बना दिया है जिसने लगातार दो बार (बैक-टू-बैक) यह खिताब जीता है। साथ ही, भारत अपने घर में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश भी बन गया है।
जीत के जश्न के बीच विवाद: क्या अर्शदीप पर लगेगा बैन?
जहां एक तरफ पूरा देश जीत के जश्न में डूबा है, वहीं दूसरी तरफ टीम इंडिया के मुख्य तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह एक अनचाहे विवाद में फंस गए हैं। खिताबी मुकाबले के दौरान अर्शदीप सिंह ने कुछ ऐसा किया कि अब उन पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की कार्रवाई की तलवार लटक रही है। दरअसल, मैच के दौरान अपने दूसरे ओवर में अर्शदीप ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए गेंद को कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल की तरफ फेंक दिया। यह थ्रो सीधा मिचेल के कंधे पर जा लगा, जिससे मैदान पर अचानक तनाव पैदा हो गया।
इस घटना से मिचेल काफी गुस्से में नजर आए और उन्होंने तुरंत अंपायरों से इसकी शिकायत की। हालात बिगड़ते देख कप्तान सूर्यकुमार यादव को बीच में आना पड़ा और उन्होंने मामला शांत कराया। नियमों के मुताबिक, अर्शदीप की यह हरकत ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन मानी जा सकती है, जो किसी भी खिलाड़ी की ओर खतरनाक तरीके से सामान या गेंद फेंकने को खेल भावना के विपरीत मानता है।
क्या हो सकती है सजा और क्या कहता है नियम?
देखा जाए तो यह मामला 'लेवल-1' के अपराध की श्रेणी में आता है। अगर आईसीसी दोषी पाती है, तो अर्शदीप पर उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना लग सकता है और उनके खाते में 1 या 2 डिमेरिट पॉइंट जोड़े जा सकते हैं। नियम यह कहता है कि यदि किसी खिलाड़ी के खाते में 24 महीनों के भीतर 4 डिमेरिट पॉइंट हो जाते हैं, तो उस पर एक टेस्ट या दो लिमिटेड ओवर मैचों का प्रतिबंध लगा दिया जाता है।
हालांकि, मैच खत्म होने के बाद अर्शदीप ने अपनी गलती सुधारते हुए खेल भावना का परिचय दिया और डेरिल मिचेल से माफी मांग ली, जिसे मिचेल ने स्वीकार भी कर लिया। लेकिन आईसीसी के कड़े नियमों को देखते हुए इस मामले की समीक्षा होना तय है। इससे पहले पिछले साल वेस्टइंडीज के जेडन सील्स पर भी यशस्वी जायसवाल की तरफ गेंद फेंकने के कारण जुर्माना लगाया गया था। अब फैंस की नजरें इस बात पर हैं कि क्या विश्व विजेता अर्शदीप को इस गलती की सजा भुगतनी पड़ेगी या उन्हें केवल चेतावनी देकर छोड़ दिया जाएगा।