Edited By Ramkesh,Updated: 27 Oct, 2026 05:19 PM

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव के अवसर पर मंदिर मार्ग स्थित राष्ट्रीय प्राचीन वाल्मीकि मंदिर एवं आश्रम में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने हवन में आहुति देकर दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की...
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव के अवसर पर मंदिर मार्ग स्थित राष्ट्रीय प्राचीन वाल्मीकि मंदिर एवं आश्रम में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने हवन में आहुति देकर दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में समानता, संवेदना और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार मानवता, करुणा, समानता और धर्म के मार्ग पर चलने की सीख देते हैं। उनकी रचनाओं ने समाज को नैतिकता, सदाचार और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्श आज भी ऐसे समाज के निर्माण का मार्ग दिखाते हैं, जहां हर व्यक्ति को सम्मान मिले और सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।