दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो फ्लाइट में यात्री ने इमरजेंसी गेट से की छेड़छाड़, केस दर्ज

Edited By Updated: 03 Nov, 2026 02:00 PM

passenger tampers with emergency exit on delhi pune indigo flight

दिल्ली से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो की उड़ान में सवार 33 वर्षीय एक यात्री ने कथित तौर पर आपातकालीन निकास द्वार के लीवर के कवर से छेड़छाड़ की, जिससे हवा में विमान में सवार लोगों में दहशत फैल गई।

पुणे : दिल्ली से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो की उड़ान में सवार 33 वर्षीय एक यात्री ने कथित तौर पर आपातकालीन निकास द्वार के लीवर के कवर से छेड़छाड़ की, जिससे हवा में विमान में सवार लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार को पुणे जा रही उड़ान संख्या 6ई6884 में हुई। यात्री गौरव सत्येंद्र रौतेला, जो सासवड का निवासी है, आपातकालीन निकास द्वार के पास बैठा था और उसने कथित तौर पर द्वार की प्रणाली से छेड़छाड़ की। हवाई अड्डा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक गोविंद पवार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि पूछताछ के दौरान रौतेला ने दावा किया कि उसने जिज्ञासावश यह जानने के लिए कवर को छुआ था कि वह क्या है। उसे पता नहीं था कि इसका संबंध आपातकालीन निकास द्वार से है।

उन्होंने बताया कि यात्री के कवर को छूने के बाद अलार्म बजा, जिससे विमान में सवार लोगों में घबराहट फैल गई। उन्होंने कहा कि आपातकालीन निकास तंत्र से छेड़छाड़ की किसी भी कोशिश से अन्य यात्रियों की जान और सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। यह उड़ान सोमवार को रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली से रवाना हुई थी और रात करीब दो बजे पुणे पहुंची। 

अधिकारी ने बताया कि विमान के चालक दल के एक सदस्य की शिकायत के आधार पर यात्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 (लापरवाही या उतावलेपन से ऐसा कोई काम करना, जिससे मानव जीवन या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़े) और विमान अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने रौतेला को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!