दिल्ली की 270 KM सड़कों को मिलेगा नया रूप, 657 करोड़ की परियोजना को मंजूरी, जानें CM Rekha Gupta का पूरा प्लान

Edited By Updated: 25 Jun, 2026 01:52 PM

over 270 km of delhi s roads to undergo a makeover

राजधानी दिल्ली में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने सड़कों के आधुनिकीकरण और उच्च शिक्षा के विस्तार से जुड़ी दो महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। एक ओर शहर की प्रमुख सड़कों का बड़े पैमाने पर नवीनीकरण...

नेशनल डेस्क : राजधानी दिल्ली में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने सड़कों के आधुनिकीकरण और उच्च शिक्षा के विस्तार से जुड़ी दो महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। एक ओर शहर की प्रमुख सड़कों का बड़े पैमाने पर नवीनीकरण किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर धीरपुर में डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय का अत्याधुनिक नया परिसर विकसित किया जाएगा।

270 किमी सड़कों के नवीनीकरण को मंजूरी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में राजधानी की करीब 270 किलोमीटर लंबी सड़कों के पुनर्निर्माण और उन्नयन के लिए 657 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी गई। सरकार ने इस कार्य को अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस परियोजना के तहत सड़कों को अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जाएगा। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जियो-टैग्ड फोटोग्राफ अपलोड किए जाएंगे, जबकि स्वतंत्र एजेंसियों द्वारा समय-समय पर ऑडिट भी कराया जाएगा।

पांच साल की वारंटी के साथ बनेंगी सड़कें
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि सभी सड़कें पांच वर्ष की वारंटी अवधि के साथ तैयार की जाएंगी। इस दौरान सड़क में किसी प्रकार की खराबी या गड्ढा सामने आने पर उसकी मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी। गड्ढे की सूचना मिलने के 48 घंटे के भीतर उसे ठीक करना अनिवार्य होगा।

इन प्रमुख मार्गों का होगा कायाकल्प
परियोजना के तहत उत्तर दिल्ली में पंखा रोड (भगवान मंदिर मार्ग), सतगुरु राम सिंह मार्ग, लाला गणेश दास खत्री मार्ग, मेजर सुदेश मार्ग और ओल्ड पंखा रोड को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा। दक्षिण दिल्ली में एसएसएन मार्ग, मंडी रोड, बारापुल्ला एलिवेटेड रोड (फेज-1) और नेल्सन मंडेला मार्ग को आधुनिक मानकों के अनुरूप उन्नत किया जाएगा। निर्माण कार्य की निगरानी केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर जैसी संस्थाओं द्वारा की जाएगी। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण के लिए सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

अलग-अलग क्षेत्रों के लिए बजट आवंटित

परियोजना के लिए स्वीकृत कुल बजट में पूर्वी दिल्ली की सड़कों के लिए 147.08 करोड़ रुपये, उत्तर दिल्ली के लिए 247.31 करोड़ रुपये और दक्षिण दिल्ली के लिए 263.61 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

धीरपुर में बनेगा विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय परिसर
बैठक में उच्च शिक्षा क्षेत्र को मजबूती देने के उद्देश्य से धीरपुर में डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय के नए अत्याधुनिक परिसर को भी मंजूरी प्रदान की गई। करीब 1,668 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह परिसर राजधानी के शिक्षा ढांचे को नई दिशा देगा। नए कैंपस में आधुनिक शैक्षणिक भवन, केंद्रीय पुस्तकालय, 840 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास, 2,500 सीटों का विशाल ऑडिटोरियम और अत्याधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

5,400 छात्रों को मिलेगा लाभ
परियोजना के पहले चरण में लगभग 5,400 विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का मानना है कि यह नया परिसर दिल्ली को देश के प्रमुख शिक्षा और ज्ञान केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित दिल्ली का आधार मजबूत शिक्षा व्यवस्था और सक्षम युवा हैं तथा यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!