Edited By Anu Malhotra,Updated: 30 Mar, 2026 08:17 AM

Rahul Arunoday Banerjee: बंगाली मनोरंजन जगत से एक ऐसी खबर आई है जिसने हर किसी के दिल को दहला दिया है। अपनी अदाकारी से घर-घर में पहचान बनाने वाले मशहूर अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी अब हमारे बीच नहीं रहे। पश्चिम बंगाल और ओडिशा की सीमा पर स्थित दीघा के...
Rahul Arunoday Banerjee: बंगाली मनोरंजन जगत से एक ऐसी खबर आई है जिसने हर किसी के दिल को दहला दिया है। अपनी अदाकारी से घर-घर में पहचान बनाने वाले मशहूर अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी अब हमारे बीच नहीं रहे। पश्चिम बंगाल और ओडिशा की सीमा पर स्थित दीघा के समंदर किनारे एक हादसे ने इस चमकते सितारे को हमेशा के लिए खामोश कर दिया। महज 43 साल की उम्र में हुए इस दुखद निधन ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है।
आखिरी सीन बना जिंदगी का आखिरी सफर
हादसा रविवार, 29 मार्च को उस वक्त हुआ जब राहुल अपने नए धारावाहिक ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग में व्यस्त थे। कहानी की मांग के अनुसार उन्हें समंदर की लहरों के बीच उतरना था। चश्मदीदों के मुताबिक, उन्होंने अपना सीन पूरी शिद्दत के साथ फिल्माया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सीन खत्म होने के बाद जब वे पानी में गए, तो फिर वापस नहीं लौट सके। गहरे पानी और उफनती लहरों ने उन्हें संभलने का मौका ही नहीं दिया।
कैमरे में कैद हुई आखिरी मुस्कान
सोशल मीडिया पर राहुल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे उनका 'आखिरी वीडियो' कहा जा रहा है। यह वीडियो हादसे से ठीक पहले का है, जिसमें वे पूरी तरह सामान्य और अपने काम में रमे हुए नजर आ रहे हैं। किसे पता था कि कैमरे के सामने दी गई यह परफॉर्मेंस उनकी आखिरी झलक साबित होगी। जब काफी देर तक राहुल पानी से बाहर नहीं आए, तब क्रू मेंबर्स को अनहोनी का अहसास हुआ। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सह-अभिनेत्री की हालत देख पसीज गया सबका दिल
इस हादसे का सबसे मार्मिक मंजर तब देखने को मिला जब राहुल की को-एक्ट्रेस श्वेता मिश्रा की तस्वीरें सामने आईं। चंद लम्हों पहले जिस साथी के साथ श्वेता संवाद बोल रही थीं, उसे अचानक खो देने के गम ने उन्हें तोड़ कर रख दिया। वायरल वीडियो में श्वेता जमीन पर बदहवास बैठी नजर आ रही हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस हकीकत को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं कि राहुल अब इस दुनिया में नहीं हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
शुरुआती जांच में मौत की वजह डूबना बताई गई है, लेकिन पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आखिर शूटिंग के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं थे। क्या किसी चूक की वजह से एक कीमती जान चली गई? फिलहाल पूरा बंगाल और ओडिया फिल्म जगत शोक में डूबा है और सोशल मीडिया पर फैंस अपने चहेते कलाकार को नम आंखों से विदाई दे रहे हैं।