Exclusive Interview: क्लासिक कॉमेडी फिल्मों का आज भी अलग क्रेज, ऐसी फिल्म का हिस्सा बनना चाहता था- आयुष्मान खुराना

Edited By Updated: 11 May, 2026 12:00 PM

pati patni aur woh do starcast director exclusive interview with punjab kesari

इस फिल्म के बारे में स्टारकास्ट आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गब्बी, रकुल प्रीत सिंह और डायरेक्टर मुदस्सर अजीज ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'पति पत्नी और वो 2' को मुदस्सर अजीज ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गब्बी, और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म साल 2019 में आई फिल्म का स्टैंडअलोन सीक्वल है। फिल्म में प्रजापति पांडे के इर्द गिर्द तीन एक्ट्रेसेस हैं अब इसकी क्या कहानी है वो तो फिल्म के आने के बाद ही पता चलेगी। इस फिल्म के बारे में स्टारकास्ट आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गब्बी, रकुल प्रीत सिंह और डायरेक्टर मुदस्सर अजीज ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...

मुदस्सर अज़ीज़
सवाल: आपकी फिल्मों में रिश्तों और शादी के आसपास काफी कहानियां देखने को मिलती हैं। इसकी क्या वजह है?

जवाब: मैं अक्सर कहता हूं कि शादी के रिश्ते में बहुत रस होता है और हिंदुस्तान में शादी लोगों की जिंदगी का बहुत अहम हिस्सा है। जाहिर सी बात है कि वहां कहानियां भी बहुत मिलती हैं और लोगों को हंसी भी बहुत आती है। हमारा मकसद एंटरटेनमेंट देना होता है, इसलिए शायद आपको मेरी हर फिल्म में शादी या रिश्तों का कोई ना कोई पहलू देखने को मिल जाता है।

सवाल: आज के दौर में प्यार और रिश्तों की भाषा बदल गई है। आपने उसे फिल्म में किस तरह शामिल किया?

जवाब: मेरा फोकस इस बात पर नहीं था कि मैं किसी खास दौर की भाषा को पकड़ूं। मेरा प्रयास था कि एक नई और अलग स्थिति बनाई जाए। इस फिल्म का पति यानी प्रजापति पांडे बहुत ‘वाइफ प्राउड’ इंसान है। अब अगर ऐसे आदमी को किसी गलतफहमी या शक की स्थिति में डाल दिया जाए तो वहां से बहुत मजेदार कॉमेडी पैदा हो सकती है। ‘पति पत्नी और वो’ नाम सुनते ही लोगों को लगता है कि पति कुछ गलत करेगा, लेकिन मैंने खुद को चुनौती दी कि यहां पति कुछ नहीं करेगा, फिर भी कॉमेडी ऑफ एरर्स कैसे बनाई जाए। वहीं से इस कहानी की शुरुआत हुई।


सवाल: इस स्टारकास्ट में सबसे आसान और सबसे मुश्किल कलाकार कौन रहा?

जवाब: मैं किसी को फेवरेट नहीं कह सकता। लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि इस वक्त तीनों अभिनेत्रियां अच्छी कॉमेडी फिल्म करना चाहती थीं और यह हमारे लिए अच्छी बात थी। सभी के साथ काम करने का अनुभव अलग और शानदार रहा। जहां तक आयुष्मान की बात है, मैं पिछले कई सालों से अपनी लगभग हर स्क्रिप्ट लेकर उनके पास गया हूं। इस बार जब उन्होंने कहा कि सर, इसमें मजा आ गया तो मुझे बहुत खुशी हुई। मैं हमेशा से आयुष्मान को डायरेक्ट करना चाहता था क्योंकि आज के समय में कॉमेडी को मजबूती से संभालने वाले बहुत कम कलाकार हैं।

आयुष्मान खुराना
सवाल: आपकी फिल्मों का चुनाव हमेशा अलग होता है। इस फिल्म के लिए ‘हां’ कहने की सबसे बड़ी वजह क्या थी?

जवाब: सबसे बड़ा कारण था प्योर फैमिली एंटरटेनमेंट। मुझे लगता है कि क्लासिक कॉमेडी फिल्मों की हमेशा जगह रहती है। मैं लंबे समय से ऐसी फिल्म करना चाहता था। मैं पुराने समय से ‘पति पत्नी और वो’ का फैन रहा हूं, खासकर संजीव कुमार जी के दौर से। मुझे खुशी है कि मुदस्सर जी ने इसे एक अलग स्तर पर पहुंचाया है। यह सिर्फ रोमांटिक कॉमेडी नहीं है, बल्कि पूरी तरह कॉमेडी फिल्म है। मैं ऐसी फिल्म का हिस्सा बनना चाहता था।


सवाल: आपकी कॉमिक टाइमिंग हमेशा शानदार रहती है। इसके लिए तैयारी करते हैं या यह नैचुरल है?

जवाब: मैं ज्यादा तैयारी नहीं करता। इस फिल्म में मैंने पूरी तरह मुदस्सर सर को फॉलो किया क्योंकि उनकी खुद की कॉमिक टाइमिंग बहुत शानदार है। मैं चाहता था कि इस फिल्म में मेरा बोलने का अंदाज बाकी फिल्मों से थोड़ा अलग हो और वह सुर मुझे उन्होंने दिया। सच कहूं तो मैंने इस फिल्म में सभी कलाकारों से बहुत कुछ सीखा।

सारा अली खान

सवाल: आपके अब तक के किरदारों से यह किरदार कितना अलग है?

सारा अली खान: ईमानदारी से कहूं तो ‘जरा हटके जरा बचके’ के बाद यह मेरी अगली कॉमेडी फिल्म है। लगभग तीन साल बाद मैं इस तरह की कॉमेडी कर रही हूं। इस फिल्म का पूरा यूनिवर्स बेहद मजेदार है। शायद इस स्तर की कॉमेडी मैंने पहली बार की है। जब मैंने इसकी स्क्रिप्ट सुनी थी तो मुझे लगा कि हर किरदार का सुर बहुत अलग है। हर किरदार में अलग-अलग लेयर्स हैं। स्क्रिप्ट सुनने में भी मजा आया और शूट करने में भी। उम्मीद है दर्शकों को देखने में भी उतना ही मजा आएगा।

रकुल प्रीत सिंह 

सवाल: अपने किरदार के बारे में कुछ बताइए। दर्शकों को क्या नया देखने मिलेगा?

जवाब: मेरे किरदार का नाम नीलोफर खान है। इस तरह का डायलॉग स्टाइल और कैरेक्टर मैंने पहले कभी नहीं किया। इसका पूरा श्रेय मुदस्सर सर को जाता है क्योंकि उन्होंने इस किरदार की कॉमिक टाइमिंग और भाषा बहुत अलग बनाई है। यह एक बेहद मजेदार और अलग तरह का किरदार है, जैसा मैंने पहले किसी फीमेल कैरेक्टर के लिए पढ़ा या किया नहीं। वो बहुत सर्कास्टिक है, बेहद इंडिपेंडेंट है और बहुत फन कैरेक्टर है। मुझे इसे निभाने में बहुत मजा आया।

सवाल: आपकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री हर अभिनेता के साथ बहुत अच्छी नजर आती है। इसका राज क्या है?

जवाब: वो हमारा काम है। बिल्कुल। एक अभिनेता के तौर पर यह हमारी जिम्मेदारी है कि स्क्रीन पर केमिस्ट्री नैचुरल लगे। इसके लिए कोई खास तकनीक नहीं होती। या तो वह बन जाती है या नहीं बनती। लेकिन अच्छी स्क्रिप्ट बहुत जरूरी होती है।

वामिका गब्बी
सवाल: फिल्म की शूटिंग का अनुभव कैसा रहा?
जवाब: 
बहुत शानदार। शूट के दौरान हमने खूब मस्ती की। सेट पर हर वक्त हंसी-मजाक चलता रहता था। बहुत कुछ सीखने को मिला, खासकर कॉमिक टाइमिंग। इस फिल्म के सभी किरदार इतने रंगीन और मजेदार हैं कि किसी भी कलाकार के साथ सीन करना अपने आप में एंटरटेनिंग था।


सवाल: आपने पंजाबी, साउथ और हिंदी तीनों इंडस्ट्रीज में काम किया है। आपको सबसे बड़ा फर्क कहां लगता है?

जवाब: मैंने पंजाबी और साउथ इंडस्ट्री में भी काम किया है। मुझे लगता है कि फर्क इंडस्ट्री से ज्यादा लोगों में होता है। अच्छे और पैशनेट लोग हर जगह अनुभव को अच्छा बनाते हैं। हां, बजट, लोकेशन और कल्चर अलग हो सकते हैं, लेकिन असली फर्क टीम और लोगों का होता है।

सवाल: आखिर में दर्शकों के लिए क्या संदेश देना चाहेंगे?

मुदस्सर अज़ीज़
फिल्म को खूब एंजॉय करने के इरादे से थिएटर जाइए। हमारी पूरी कोशिश है कि यह फिल्म आपके दिल में हमेशा के लिए जगह बना ले।

वामिका गब्बी
15 मई को फिल्म रिलीज हो रही है। परिवार और दोस्तों के साथ जाइए और खूब मजे कीजिए।

सारा अली खान
अगर आप अपने परिवार और दोस्तों के साथ बैठकर खुलकर हंसना चाहते हैं, तो यह फिल्म जरूर देखिए।

आयुष्मान खुराना
गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो रही हैं। अच्छी एसी वाली थिएटर में जाइए, परिवार के साथ बैठिए, हंसिए और फिल्म का मजा लीजिए। मुझे यकीन है कि आपको यह फिल्म बहुत पसंद आएगी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!