'जो डटकर खड़े हुए वो 'बब्बर शेर' हैं', राहुल गांधी ने की प्रदर्शन में भूमिका निभाने वालों की प्रशंसा

Edited By Updated: 15 Oct, 2026 07:49 PM

rahul gandhi praised those who played a role in the protest

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के युवा और अग्रिम संगठन ''युवा विरोधी सरकार'' को जवाबदेह ठहराने, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने और देश की संस्थाओं की विश्वसनीयता की हिफाजत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी के तीन अग्रिम संगठनों भारतीय युवा कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और सेवा दल के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया तथा ''वोट चोरी'' के खिलाफ हुए हालिया प्रदर्शनों में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए उनकी सराहना की। कांग्रेस मुख्यालय 'इंदिरा भवन' में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में खरगे और राहुल गांधी ने इन संगठनों के नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। 

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन संगठनों के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि वे ''बब्बर शेर'' हैं जो डटकर खड़े हुए हैं। कार्यक्रम के बाद खरगे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि भारत के युवा देश की राजनीतिक दिशा तय करने में हमेशा अग्रणी रहे हैं। उन्होंने कहा, ''आज नई दिल्ली के इंदिरा भवन में एनएसयूआई, भारतीय युवा कांग्रेस और सेवा दल के नेताओं के साथ सार्थक संवाद हुआ। इन नेताओं ने पुलिस की कठोर कार्रवाई का सामना करते हुए भी मोदी सरकार के अधिनायकवाद को साहसपूर्वक चुनौती दी है।'' 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के युवा और अग्रिम संगठन ''युवा विरोधी सरकार'' को जवाबदेह ठहराने, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने और देश की संस्थाओं की विश्वसनीयता की हिफाजत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। खरगे का कहना था, ''उनका साहस और दृढ़ संकल्प भारत के लोकतंत्र की रक्षा करने के हमारे सामूहिक संकल्प को और मजबूत करता है।'' कांग्रेस पिछले कुछ समय से कथित ''वोट चोरी'' के मुद्दे को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग पर हमलावर है तथा पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इसे लेकर विभिन्न स्तरों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!