Edited By Rohini Oberoi,Updated: 10 May, 2026 02:22 PM

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां जहाजपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-148D पर शनिवार देर रात एक डंपर और ट्रेलर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों ने आग पकड़ ली...
Rajasthan Collision Fire : राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां जहाजपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-148D पर शनिवार देर रात एक डंपर और ट्रेलर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों ने आग पकड़ ली और बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा उस वक्त हुआ जब हाईवे पर अचानक एक आवारा पशु सामने आ गया। पशु को बचाने की कोशिश में दोनों भारी वाहनों (डंपर और ट्रेलर) का संतुलन बिगड़ गया और वे आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि जैसे ही टक्कर हुई और आग की लपटें उठने लगीं दोनों वाहनों के चालकों ने फुर्ती दिखाते हुए छलांग लगा दी। इस चमत्कारिक बचाव की वजह से दोनों चालक बाल-बाल बच गए अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आग की ऊंची लपटों के कारण यातायात रुक गया। सूचना मिलते ही जहाजपुर नगरपालिका की दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
जहाजपुर थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद वाहनों में लगी आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुके थे।