Edited By Anu Malhotra,Updated: 17 Sep, 2026 08:01 AM

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। पेड्डा कंजरला गांव के एक स्थानीय तालाब में प्रतिमा विसर्जित करने गए अनाथालय के छह छात्रों की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय दो अन्य छात्रों...
हैदराबाद: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। पेड्डा कंजरला गांव के एक स्थानीय तालाब में प्रतिमा विसर्जित करने गए अनाथालय के छह छात्रों की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय दो अन्य छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस और प्रशासन की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तालाब किनारे ढीली मिट्टी होने के कारण बच्चे फिसलकर गहरे पानी में चले गए।
यह दुखद घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे की है। मारे गए सभी छह छात्र 'शिरेशा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट' नाम के एक अनाथालय में रहते थे। विसर्जन के लिए वे पास के ही एक स्थानीय तालाब में गए थे। डीसीपी (सेरिलिंगमपल्ली ज़ोन) सीएच श्रीनिवास ने बताया कि मरने वालों की पहचान नरसिम्हा राजू (बीटेक दूसरे वर्ष का छात्र), सिद्धार्थ (10वीं कक्षा का छात्र), सुमंत रेड्डी और गणेश (दोनों पॉलिटेक्निक दूसरे वर्ष के छात्र), शाम कुमार (पॉलिटेक्निक पहले वर्ष का छात्र) और उदय किरण (पॉलिटेक्निक तीसरे वर्ष का छात्र) के रूप में हुई है। सभी छह छात्र 20 साल से कम उम्र के थे।
साइबराबाद पुलिस कमिश्नर एम. रमेश रेड्डी ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने TOI को बताया, "हमें अभी यह पता लगाना है कि घटना कैसे हुई, क्योंकि पुलिस तुरंत बचाव कार्य में जुट गई थी। ऐसा लगता है कि लड़के फिसलकर पानी में डूब गए। मौत का असली कारण देर रात तक पता चल पाएगा।"
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि सीएम ने पीड़ित अनाथालय और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही जिला प्रशासन को प्रभावितों की तुरंत मदद करने और पूरे राज्य में गणेश विसर्जन के दौरान कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।