कोलकाता में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क पर STF का शिकंजा, राणा रऊफ के संदिग्ध सहयोगी गिरफ्तार

Edited By Updated: 17 Aug, 2026 03:25 PM

stf cracks down on pakistani spy network in kolkata arrests suspected associate

पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने सोमवार को कथित पाकिस्तानी खुफिया एजेंट राणा रऊफ के एक संदिग्ध सहयोगी को गिरफ्तार किया है। रऊफ को कोलकाता से संचालित कथित जासूसी नेटवर्क के सिलसिले में पहले गिरफ्तार किया गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह...

कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने सोमवार को कथित पाकिस्तानी खुफिया एजेंट राणा रऊफ के एक संदिग्ध सहयोगी को गिरफ्तार किया है। रऊफ को कोलकाता से संचालित कथित जासूसी नेटवर्क के सिलसिले में पहले गिरफ्तार किया गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई है और उसे शहर के टॉपसिया इलाके में स्थित एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया।

अन्य आरोपी की तलाश में जुटी STF 
एसटीएफ के एक अधिकारी के अनुसार, इमरान ने कथित तौर पर जाली दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट हासिल करने की रऊफ की कोशिश में उसकी मदद की थी। अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ को संदेह है कि इस गतिविधि में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं और उनकी तलाश की जा रही है। एसटीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इमरान की गिरफ्तारी कोलकाता में रऊफ द्वारा कथित तौर पर बनाए जा रहे नेटवर्क की जांच के तहत की गई है।

पश्चिम बंगाल से आरोपी इमरान गिरफ्तार 
उन्होंने कहा, ''जांच में सामने आया है कि इमरान कथित तौर पर भारतीय पासपोर्ट के लिए दस्तावेज जुटाने में रऊफ की मदद कर रहा था। हम नेटवर्क के अन्य सदस्यों के साथ उसके संबंधों की जांच कर रहे हैं और जांच के दौरान बरामद दस्तावेजों तथा अन्य सामग्री का सत्यापन किया जा रहा है।'' रऊफ को पिछले सप्ताह पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा से गिरफ्तार किया गया था।

भारतीय सेना और रेलवे से जुड़ी जानकारी साझा करने का शक 
एसटीएफ को संदेह है कि वह पाकिस्तान के फैसलाबाद का रहने वाला है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि उसके पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) से संबंध थे और नेपाल में कई साल बिताने के बाद उसने जाली दस्तावेजों के जरिए 2012 में भारत में प्रवेश किया था। अधिकारी ने कहा कि एसटीएफ को संदेह है कि रऊफ भारतीय सेना और रेलवे से जुड़ी सूचनाएं पाकिस्तान में अपने कथित आकाओं तक पहुंचाता था। एसटीएफ ने रऊफ द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए पाकिस्तानी पासपोर्ट का विवरण भी हासिल किया है।

भारतीय पासपोर्ट हासिल करने की कोशिश कर रहा था
एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, ढाका से कराची की प्रस्तावित यात्रा की व्यवस्था के लिए यह पासपोर्ट ढाका भेजा गया था। अधिकारी ने कहा, ''पासपोर्ट के विवरण से जांचकर्ताओं को रऊफ की गतिविधियों और उसके कथित सहयोगियों के साथ संबंधों की जांच में कुछ और सुराग मिले हैं।'' एसटीएफ इस आरोप की भी जांच कर रही है कि क्या रऊफ राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू होने से पहले भारतीय पासपोर्ट हासिल करने की कोशिश कर रहा था। जांचकर्ताओं को संदेह है कि इमरान और कई अन्य लोग इस प्रक्रिया में उसकी मदद कर रहे थे। पुलिस को यह भी संदेह है कि इमरान जाली दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट तैयार कराने में शामिल था और यह समूह कथित तौर पर कोलकाता को आधार बनाकर आतंकवादियों के स्लीपर सेल स्थापित करने की कोशिश कर रहा था।

एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''हम व्यापक साजिश और इसमें अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच कर रहे हैं। फिलहाल हमारी प्राथमिकता नेटवर्क की हर कड़ी की पहचान करना, उनकी भूमिका तय करना और संदिग्ध गतिविधियों का सत्यापन करना है।'' एसटीएफ जांच के तहत इमरान से पूछताछ कर रही है और रऊफ तथा अन्य लोगों के साथ उसके कथित संपर्कों की भी जांच की जा रही है। 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!