Edited By Rohini Oberoi,Updated: 05 Aug, 2026 10:32 AM

मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में प्रतिबंधित संगठन 'नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड' (इसाक-मुइवा) के दो संदिग्ध सदस्यों को जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इंफाल : मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में प्रतिबंधित संगठन 'नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड' (इसाक-मुइवा) के दो संदिग्ध सदस्यों को जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एनएससीएन (आईएम) के दोनों संदिग्ध सदस्यों को मंगलवार को कैमाई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर स्थित सिबिलोंग से पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान भालोक गांव निवासी गैसुआकलुंग नगाओमेई (45) और सिबिलोंग पार्ट-दो निवासी जॉब गंगमेई (29) के रूप में हुई है। दोनों तामेंगलोंग जिले के रहने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: PNB Special FD Scheme: बैंक की 444 दिन वाली FD में मिलेगा बंपर ब्याज, ₹5 लाख निवेश पर इतना होगा रिटर्न
पुलिस ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने उनके पास से एक कारतूस, 22,000 रुपये नकद और चार्जर सहित दो संचार उपकरण बरामद किए। सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान में बिष्णुपुर जिले में लोकतक झील के पास सेंद्रा पहाड़ी क्षेत्र से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि बरामद वस्तुओं में मैगजीन सहित 0.32 बोर की एक पिस्तौल, एक 'सिंगल बैरल ब्रीच लोडिंग' (एसबीबीएल) बंदूक, 0.22 बोर की एक बोल्ट-एक्शन राइफल, मैगजीन सहित एक जेफरसन राइफल, मैगजीन सहित स्थानीय रूप से निर्मित नौ कार्बाइन, मैगजीन सहित स्थानीय रूप से निर्मित दो एमपी-5 हथियार और छह पैकेट में रखे आईईडी शामिल हैं।