Edited By Parveen Kumar,Updated: 26 Feb, 2026 07:19 PM

हरियाणा में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के बीच सोनीपत जिले से सामने आई कुछ तस्वीरों ने नकल-रहित परीक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोहाना स्थित एक परीक्षा केंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अभिभावकों को स्कूल की...
नेशनल डेस्क : हरियाणा में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के बीच सोनीपत जिले से सामने आई कुछ तस्वीरों ने नकल-रहित परीक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोहाना स्थित एक परीक्षा केंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अभिभावकों को स्कूल की चारदीवारी पर चढ़कर अंदर बैठे परीक्षार्थियों तक कथित रूप से उत्तर पहुंचाते देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि मामला गोहाना के छात्रा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का है। परीक्षा के दौरान केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग दीवार पर चढ़कर खिड़कियों के जरिए कागज अंदर फेंकते नजर आ रहे हैं। कई ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे ढंके हुए हैं। यह दृश्य प्रशासन की सख्ती के दावों के विपरीत तस्वीर पेश करता है।
गौरतलब है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर रखी है, ताकि अनधिकृत भीड़ एकत्र न हो सके। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर रही हैं।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आया है। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जहां-जहां गड़बड़ी की सूचना मिल रही है, वहां अतिरिक्त सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कई संवेदनशील केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
हालांकि, वायरल तस्वीरों ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए किस तरह की रणनीति अपनाई जाती है।