Edited By Parveen Kumar,Updated: 24 Mar, 2026 07:31 PM

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण एलपीजी (LPG) सप्लाई को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने मंगलवार को उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने साफ किया है कि पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की सप्लाई बिना...
नेशनल डेस्क : मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण एलपीजी (LPG) सप्लाई को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने मंगलवार को उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने साफ किया है कि पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी। इसके साथ ही MGL ने नए घरेलू ग्राहकों के लिए खास ऑफर का ऐलान करते हुए कहा कि 16 मार्च से 30 अप्रैल के बीच PNG कनेक्शन लेने वालों को 500 रुपये की मुफ्त गैस दी जाएगी। वहीं, जिन नई इमारतों में 60 प्रतिशत से अधिक लोग PNG कनेक्शन लेते हैं, वहां रहने वालों को 1,000 रुपये तक की अतिरिक्त छूट मिलेगी।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आशु सिंघल ने कहा कि ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सेवा को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है और सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित व भरोसेमंद है। MGL ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर 500 रुपये की तत्काल छूट देने और गैस उपयोग न होने की स्थिति में न्यूनतम शुल्क माफ करने की भी घोषणा की है। साथ ही, कंपनी जल्द ही ‘जीरो अपफ्रंट रजिस्ट्रेशन फीस’ सुविधा शुरू करने जा रही है, जिसमें उपभोक्ताओं को कनेक्शन चालू होने के बाद ही भुगतान करना होगा।
कमर्शियल ग्राहकों के लिए भी MGL ने बड़ा कदम उठाते हुए PNG कनेक्शन की रजिस्ट्रेशन फीस माफ कर दी है और गैस सप्लाई के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर का पूरा खर्च खुद उठाने की बात कही है। कंपनी फिलहाल मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, मीरा-भायंदर, रायगढ़, रत्नागिरी के साथ कर्नाटक के कई इलाकों में अपनी सेवाएं दे रही है और उपभोक्ताओं को लगातार व सुरक्षित गैस सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए अपने नेटवर्क को मजबूत कर रही है।