Edited By Anu Malhotra,Updated: 24 Mar, 2026 01:08 PM

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि हिंदू धर्म, सिख धर्म या बौद्ध धर्म के अलावा किसी अन्य धर्म को मानने वाला व्यक्ति अनुसूचित जाति (SC) का सदस्य नहीं माना जा सकता। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति एन. वी. अंजारिया की पीठ ने आंध्र...
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि हिंदू धर्म, सिख धर्म या बौद्ध धर्म के अलावा किसी अन्य धर्म को मानने वाला व्यक्ति अनुसूचित जाति (SC) का सदस्य नहीं माना जा सकता। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति एन. वी. अंजारिया की पीठ ने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश को बरकरार रखते हुए कहा कि किसी अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित व्यक्ति जैसे ही किसी अन्य धर्म में धर्मांतरण करता है, वह तुरंत और पूर्ण रूप से अपना SC दर्जा खो देता है।
पीठ ने कहा, “कोई भी वैधानिक लाभ, संरक्षण, आरक्षण या अधिकार, जो संविधान या संसद/राज्य विधानमंडल के किसी कानून के तहत मिलता है, ऐसे व्यक्ति को नहीं दिया जा सकता जो क्लॉज 3 के तहत अनुसूचित जाति का सदस्य नहीं माना जाता। यह प्रतिबंध पूर्ण है और इसमें कोई अपवाद नहीं है। कोई व्यक्ति एक साथ किसी अन्य धर्म का पालन करते हुए अनुसूचित जाति की सदस्यता का दावा नहीं कर सकता।”
आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने 30 अप्रैल 2025 को कहा था कि यदि कोई व्यक्ति ईसाई धर्म में परिवर्तित होकर सक्रिय रूप से उसका पालन करता है, तो उसे अनुसूचित जाति समुदाय का सदस्य नहीं माना जा सकता। हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि जाति व्यवस्था ईसाई धर्म में नहीं पाई जाती, इसलिए ऐसे व्यक्ति को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों का लाभ लेने की अनुमति नहीं है।
हाईकोर्ट ने एक ऐसे मामले में दर्ज आरोपों को रद्द कर दिया था, जिसमें शिकायतकर्ता ईसाई धर्म में परिवर्तित हो चुका था और उसने SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया था। इस आदेश से असंतुष्ट होकर, उस व्यक्ति (एक पादरी) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश, 1950 के क्लॉज 3 के अनुसार, जिन धर्मों का उल्लेख नहीं है, उनमें धर्मांतरण करने पर व्यक्ति का अनुसूचित जाति का दर्जा तुरंत समाप्त हो जाता है, चाहे उसका जन्म किसी भी जाति में हुआ हो। यह प्रतिबंध “पूर्ण” है।
कोर्ट ने यह भी कहा, “इस मामले में याचिकाकर्ता ने यह दावा नहीं किया कि वह ईसाई धर्म से वापस अपने मूल धर्म में लौटा है या उसे मदिगा समुदाय में पुनः स्वीकार किया गया है।” इसके विपरीत, सबूत बताते हैं कि वह एक दशक से अधिक समय से ईसाई धर्म का पालन कर रहा है और गांव में घर-घर जाकर नियमित रूप से रविवार की प्रार्थना सभाएं आयोजित कर रहा है।
पीठ ने कहा कि घटना के समय भी वह एक घर में प्रार्थना सभा कर रहा था, जिससे यह स्पष्ट है कि वह उस समय भी ईसाई ही था। यह मामला पादरी चिंथाडा आनंद द्वारा 2021 में दर्ज कराए गए एक आपराधिक मामले से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि अक्काला रामि रेड्डी नामक व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक गालियां दीं, जब वह आंध्र प्रदेश के एक गांव में अपने पादरी कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे।