Edited By Parveen Kumar,Updated: 16 Apr, 2026 12:13 AM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दावा किया कि पिछले एक दशक में पश्चिम बंगाल के लोगों ने "कुशासन, भ्रष्टाचार और अराजकता" झेली है, जिससे उनके बुनियादी अधिकार और सुरक्षा प्रभावित हुई है।
नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दावा किया कि पिछले एक दशक में पश्चिम बंगाल के लोगों ने "कुशासन, भ्रष्टाचार और अराजकता" झेली है, जिससे उनके बुनियादी अधिकार और सुरक्षा प्रभावित हुई है। 'पोइला बोइशाख' के अवसर पर बांग्ला भाषा में लिखे एक खुले पत्र में मोदी ने राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए देवी काली से उनकी समृद्धि, प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा, ''पिछले एक दशक में पश्चिम बंगाल के लोगों ने कुशासन, भ्रष्टाचार और अराजकता झेली है, जिससे उनके बुनियादी अधिकार और सुरक्षा छिन गए हैं।''
प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा स्थिति का असर महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और गरीबों के अधिकारों पर पड़ा है। मोदी ने लोगों से एकजुट होकर ऐसे राज्य के निर्माण का आह्वान किया, जहां ''गरीबों को आश्रय मिले, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हो, महिलाएं सुरक्षित महसूस करें और युवा राज्य छोड़े बिना रोजगार पा सकें।'' उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के तहत पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय विकास के साथ कदम मिलाकर आगे बढ़ेगा और देश के अग्रणी राज्य के रूप में अपनी ऐतिहासिक विरासत को पुनः प्राप्त करेगा।
आगामी विधानसभा चुनाव को महज चुनाव नहीं बल्कि "वास्तविक बदलाव" का अवसर बताते हुए मोदी ने मतदाताओं से राज्य के भविष्य के लिए निर्णायक फैसला लेने का आग्रह किया। उन्होंने नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने और विकसित पश्चिम बंगाल के दृष्टिकोण का समर्थन करने की अपील की। मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि ''राज्य की जनता भाजपा पर भरोसा जताएगी और उसे चुनावों में महत्वपूर्ण बहुमत दिलाने में मदद करेगी।''