Edited By Anu Malhotra,Updated: 14 Oct, 2025 09:01 AM

अगर आप भी उन करोड़ों लोगों में शामिल हैं जो अभी भी विंडोज 10 का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपके लिए यह खबर बेहद जरूरी है। माइक्रोसॉफ्ट ने अब आधिकारिक रूप से विंडोज 10 के लिए मुफ्त तकनीकी और सुरक्षा सहायता (Free Support) बंद कर दी है। यानी, आज से विंडोज...
नेशनल डेस्क: अगर आप भी उन करोड़ों लोगों में शामिल हैं जो अभी भी विंडोज 10 का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपके लिए यह खबर बेहद जरूरी है। माइक्रोसॉफ्ट ने अब आधिकारिक रूप से विंडोज 10 के लिए मुफ्त तकनीकी और सुरक्षा सहायता (Free Support) बंद कर दी है। यानी, आज से विंडोज 10 को भले ही आप इस्तेमाल कर सकें, लेकिन किसी भी नए सिक्योरिटी अपडेट या बग फिक्स की उम्मीद नहीं कर सकते।
क्या बंद हुआ है, क्या अभी भी काम करेगा?
यूजर्स के लिए अच्छी बात ये है कि विंडोज 10 पर आपका सिस्टम पहले की तरह काम करता रहेगा। लेकिन अगर सिस्टम में कोई नई सुरक्षा खामी आती है या साइबर अटैक का खतरा बढ़ता है, तो उसका समाधान अब खुद तलाशना होगा। माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से अब कोई सुरक्षा अपडेट जारी नहीं किए जाएंगे।
कब लॉन्च हुआ था विंडोज 10?
साल 2015 में पेश किया गया विंडोज 10, माइक्रोसॉफ्ट का एक बेहद लोकप्रिय ऑपरेटिंग सिस्टम रहा है। करीब एक दशक तक इसने दुनियाभर के यूजर्स को सपोर्ट दिया। लेकिन अब कंपनी नए ऑपरेटिंग सिस्टम – विंडोज 11 – पर फोकस कर रही है।
क्या अब विंडोज 10 यूज करना खतरनाक है?
तकनीकी तौर पर देखा जाए तो विंडोज 10 फिलहाल काम करता रहेगा, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतेगा, इसकी सुरक्षा कमजोर होती जाएगी। बिना नए सिक्योरिटी पैच के यह ऑपरेटिंग सिस्टम साइबर हमलों के लिए आसान टारगेट बन सकता है।
माइक्रोसॉफ्ट ने दिए हैं कुछ विकल्प
उन यूजर्स के लिए जो अभी विंडोज 11 पर स्विच नहीं कर सकते, माइक्रोसॉफ्ट ने दो विकल्प उपलब्ध कराए हैं:
Microsoft Defender Antivirus:
यह बिल्ट-इन एंटीवायरस प्रोग्राम अब भी विंडोज 10 सिस्टम को सुरक्षा देता रहेगा। कंपनी ने बताया है कि इस प्रोटेक्शन को अक्टूबर 2028 तक अपडेट्स मिलते रहेंगे।
Extended Security Updates (ESU):
माइक्रोसॉफ्ट ने एक नया सब्सक्रिप्शन प्रोग्राम शुरू किया है, जिसमें 15 अक्टूबर 2025 से यूजर्स एनरोल कर सकते हैं। इसके तहत यूजर्स $30 (लगभग ₹2,650) में एक साल की एक्स्ट्रा सिक्योरिटी कवरेज पा सकते हैं। साथ ही फ्री विंडोज बैकअप का भी विकल्प मिलेगा।
अगर करना है अपग्रेड, तो ऐसे करें विंडोज 11 इंस्टॉल
अगर आपका सिस्टम विंडोज 11 के लिए उपयुक्त है, तो इसे अपग्रेड करना ज्यादा सुरक्षित और स्मार्ट विकल्प होगा। इसके लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें:
-सेटिंग्स में जाएं और 'Update & Security' को चुनें।
-वहां 'Windows Update' में जाकर ‘Check for Updates’ पर क्लिक करें।
-अगर विंडोज 11 का अपडेट दिखता है, तो उसे डाउनलोड करके इंस्टॉल कर लें।
-इंस्टॉलेशन के दौरान सिस्टम को रिस्टार्ट करें और सेटअप को पूरा करें।
-ध्यान रखें कि इंस्टॉल करने के लिए आपके पास पर्याप्त स्टोरेज और तेज इंटरनेट होना जरूरी है।
क्या करें अगर सिस्टम विंडोज 11 के लिए योग्य नहीं है?
अगर आपका डिवाइस विंडोज 11 चलाने में सक्षम नहीं है, तो आप फिलहाल Microsoft Defender या ESU के जरिए कुछ समय तक विंडोज 10 को सुरक्षित रख सकते हैं। लेकिन लंबे समय के लिए नया हार्डवेयर लेना और लेटेस्ट OS पर शिफ्ट होना ही बेहतर रहेगा।